लिवर कैंसर से जंग के बाद दीपिका कक्कड़ की फिर बढ़ी मुश्किलें, अब पेट में मिला नया 'सिस्ट'
मशहूर टीवी अभिनेत्री और 'ससुराल सिमर का' फेम दीपिका कक्कड़ बीते काफी समय से मुश्किल दौर से गुजर रही हैं। पिछले साल मई 2025 में लिवर कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जंग जीतने और 14 घंटे लंबी सर्जरी कराने के बाद, अब दीपिका के पेट में एक नया सिस्ट (गांठ) पाया गया है।
शोएब इब्राहिम ने अपने हालिया यूट्यूब व्लॉग में इस खबर की पुष्टि करते हुए फैंस से दुआओं की अपील की है। शोएब इब्राहिम ने बताया कि दीपिका पिछले दो दिनों से पेट में हल्के दर्द और कंधे में तकलीफ महसूस कर रही थीं। 21 फरवरी को जब दर्द असहनीय हो गया, तो उन्हें अस्पताल ले जाया गया। डॉक्टरों ने तुरंत CT स्कैन की सलाह दी, जिसमें पेट में 1.3 सेंटीमीटर का एक छोटा सिस्ट पाया गया।
दीपिका ने बताया कि पेट के साथ उन्हें शोल्डर में भी दर्द था, जिसकी वजह से वो चिंता में थीं। हालांकि दर्द इस सिस्ट की वजह से नहीं है। सिस्ट के अलावा बाकी सब रिपोर्ट्स नॉर्मल है। कैंसर की हिस्ट्री को देखते हुए डॉक्टर कोई जोखिम नहीं लेना चाहते।
कैंसर लौटने का डर और नया ट्रीटमेंट प्लान
दीपिका का पिछला ट्यूमर 'हाइली एग्रेसिव' और 'पुअरली डिफरेंशिएटेड' था, जिसकी वजह से उनके परिवार में हमेशा बीमारी के लौटने का डर बना रहता है। दिसंबर में हुए PET स्कैन में यह सिस्ट नहीं दिखा था, जिसका मतलब है कि यह हाल ही में विकसित हुआ है।
मंगलवार को एक छोटा मेडिकल प्रोसीजर किया जाएगा, जिसमें सिस्ट को 'बर्न' किया जाएगा। दीपिका को इस प्रक्रिया के लिए 3 से 4 दिनों तक अस्पताल में रहना होगा। डॉक्टरों ने संकेत दिया है कि दीपिका की मौजूदा ओरल कीमोथेरेपी को बदलकर अब इम्यूनोथेरेपी शुरू की जा सकती है।
व्लॉग के दौरान दीपिका काफी भावुक नजर आईं। उन्होंने अपने फैंस को संदेश देते हुए कहा, मैं आज सुबह बहुत डरी हुई थी, लेकिन शुक्र है कि समय रहते इसका पता चल गया। अगर यह 2 cm से बढ़ जाता, तो स्थिति गंभीर हो सकती थी। कभी भी शरीर के छोटे से छोटे दर्द को नजरअंदाज न करें और नियमित फॉलो-अप जरूर करवाएं।