अनूप जलोटा ने एआर रहमान को दी अजीब सलाह, बोले- काम नहीं मिल रहा तो फिर हिंदू बन जाओ...
ऑस्कर विनर म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान इन दिनों अपने एक बयान को लेकर विवादों में घिरे हुए हैं। उन्होंने एक इंटरव्यू के दौरान कहा था कि उन्हें बॉलीवुड में पिछले 8 साल से काम कम मिल रहा है और इसके पीछे सांप्रदायिक कारण हो सकते हैं।
सोशल मीडिया पर एआर रहमान की कड़ी आलोचना की जा रही है। यूजर्स के साथ ही कई सेलेब्स भी रहमान पर नाराजगी जता रहे हैं। वहीं अब सिंगर अनूप जलोटा ने एआर रहमान को एक अजीब सलाह दी है।
अनूप जलोटा ने न्यूज एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा, म्यूजिक डायरेक्टर एआर रहमान पहले हिंदू थे। उसके बाद उन्होंने इस्लाम धर्म अपना लिया और बहुत काम किया, बहुत नाम कमाया, लोगों के दिलों में बहुत अच्छी जगह बनाई।
उन्होंने कहा, लेकिन अगर एआर रहमान को इस बात का विश्वास है कि हमारे देश में मुस्लिम होने की वजह से उनको फिल्में नहीं मिल रही है तो म्यूजिक देने के लिए तो फिर वो दोबारा हिंदू हो जाएं। तो उनको ये विश्वास होना चाहिए कि हिंदू होने के बाद, कन्वर्ट हो जाने के बाद, उनको फिर से फिल्में मिलना शुरू हो जाएंगी।
अनूप जलोटा ने कहा, यही तो रहमान के मतलब का सार है। इसलिए मेरा सुझाव है कि वे हिंदू बनकर ट्राई करें और देखें कि क्या फिर से उन्हें फिल्म प्रोजेक्ट्स मिलने लगते हैं या नहीं।