प्रशंसक भी अपने दिल की बात सितारे से कहते हैं और सीधा संवाद होता है। अमिताभ बच्चन, लता मंगेशकर जैसे दिग्गज कलाकारों से लेकर तो रणवीर शौरी, नेहा धूपिया तक सभी इस माध्यम का प्रयोग करते हैं।
कई बार ट्वीर के जरिये कलाकार बड़ी अच्छी बातें बताते हैं। जैसे अपने साथी गायकों या संगीतकारों का जब जन्मदिन या पुण्यतिथि होती है तो लता उन्हें याद करती है। कुछ ऐसी बातें बताती हैं जो किसी को नहीं पता रहता है। अमिताभ भी अक्सर ऐसी बातें बताते हैं जो उनसे किसी ने पूछी नहीं है। उन्होंने अपने दादा बनने की बात ट्वीट कर ही सभी को बताई थी।
पहले कोई विशेष समाचार बताना हो तो खास पत्रकार या समाचार पत्र को बताया जाता था और उस खबर को दूर बैठे लोगों तक पहुंचने में वक्त लगता था। देश की प्रमुख घटनाओं के बारे में भी कुछ कलाकार ट्वीट कर अपनी राय देते हैं। चाहे वो अन्ना हजारे का आंदोलन हो या भारतीय क्रिकेट टीम का प्रदर्शन। करण जौहर अपनी फिल्मों का फर्स्ट लुक ट्वीटर के जरिये जारी कर देते हैं।
इन ट्वीट के जरिये सैलिब्रिटीज को समझने में, उनकी सोच जानने में प्रशंसकों को मदद मिलती है। इस प्लेटफॉर्म का उपयोग लड़ाई के रूप में भी किया जाता है। याद कीजिए ‘दबंग’ वाला प्रसंग, जब अभिनव कश्यप ने इसका सीक्वल डायरेक्ट करने से मना कर दिया। अरबाज की नाराजगी की खबर जब अभिनव के भाई अनुराग तक पहुंची तो उन्होंने नशे में अरबाज के खिलाफ ट्वीट कर डाली।
कुछ महीनों पहले रिलीज हुई ‘मौसम’ का बॉक्स ऑफिस पर हाल तरण आदर्श ने ट्वीट कर बताया तो शाहिद कपूर को यह पसंद नहीं आया। उन्हें लगा कि जानबूझ कर उनकी फिल्म के आंकड़े गलत बताए जा रहे हैं। लिहाजा उन्होंने भी ट्वीट कर दिया कि आजकल कुछ लोगों के ‘आदर्श’ गिर गए हैं। रामगोपाल वर्मा ने तो ‘बुड्ढा होगा तेरा बाप’ देखने के बाद बच्चन परिवार को ट्वीट के जरिये ‘प्यार भरी गालियां’ दी।
इस बात में कोई दो राय नहीं कि भारत में इंटरनेट का उपयोग करने वालों का प्रतिशत बहुत कम है, लेकिन जो भी इसका उपयोग करते हैं उसमें युवा वर्ग की संख्या बहुत बड़ी है। युवा वर्ग फिल्मों का शौकीन रहता है इसलिए सेलिब्रिटीज ब्लॉग और ट्वीटर का प्रयोग करती हैं। साथ ही प्रिंट मीडिया भी इन ट्वीट्स को अखबारों में छापता है। लिहाजा सेलिब्रिटीज की बातें कई लोगों के बीच पहुंच जाती हैं।
अब तो सेलिब्रिटीज को ट्वीट करने के बदले पैसे भी मिलेंगे। किसी खास ब्रांड से जुड़कर ये सितारे उत्पाद के बारे में ट्वीट करेंगे। कंपनी का प्रचार हो जाएगा और हर ट्वीट के बदले सितारों को पैसे मिलेंगे। किसे कितना दिया जाए, ये उसकी लोकप्रियता और उसके फालोअर्स की संख्या को देख निर्धारित किया जाएगा। एक बड़ी कॉरपोरेट कंपनी इस दिशा में काम कर रही हैं। लारा दत्ता, नीतू चंद्रा, तनुश्री दत्ता इससे जुड़ गई हैं। इसके अलावा भी कई कलाकारों से बात की जा रही है।