Hanuman Chalisa
✕

ऐसा नहीं, वैसा इडियट बना हूँ... -आमिर खान

Written By ND
Updated: सोमवार, 16 नवंबर 2009 (14:08 IST)
- चंद्रकांत शिंदे

PR
आमिर खान की हर फिल्म का दर्शकों को बेसब्री से इंतजार रहता है क्योंकि हर फिल्म में आमिर कुछ न कुछ नया करते हैं। आमिर की नई फिल्म "3 इडियट्स" 25 दिसंबर को प्रदर्शित हो रही है। इसका प्रमोशन आमिर ने फिल्म का ट्रेलर दिखाकर शुरू किया और कुछ ही दिनों बाद पत्रकारों को फिल्म का पहला गाना "ऑल इज वेल" भी दिखाया।

"3 इडियट्स" में आमिर खान फिर एक बार कॉलेज युवा के किरदार में नजर आने वाले हैं। इसके पहले वे "दिल चाहता है" और "रंग दे बसंती" में कॉलेज युवा के किरदार में नजर आए थे।

गाना दिखाने के मौके पर आमिर के साथ शर्मन जोशी और माधवन विशेष रूप से उपस्थित थे। हालांकि हिन्दी फिल्मों के प्रमोशन के वक्त होता यह है कि फिल्म की नायिका को खासतौर पर आमंत्रित किया जाता है क्योंकि उसका ग्लैमर ज्यादा महत्वपूर्ण माना जाता है लेकिन इस फिल्म में करीना कपूर नायिका होने के बावजूद उन्हें न तो ट्रेलर के मौके पर बुलाया गया था और न ही गाना दिखाने के वक्त। इससे पता चलता है कि आमिर खान के सामने नायिका का कोई महत्व नहीं है।

गाना दिखाने के बाद इससे पहले कि पत्रकार आमिर से सवाल पूछें, आमिर ने ही पूछ लिया कि गाना कैसा लगा? उन्होंने कहा- "आज मैं आपसे फिल्म के गाने के प्रति आपकी प्रतिक्रिया जानना चाहता हूँ। यह गाना अब तक किसी ने नहीं देखा था और पहली बार आपको ही दिखा रहा हूँ।" गाना पसंद आने की बात करने पर आमिर ने कहा- "पसंद आया, इतना कहने से काम नहीं चलेगा। आपको जो भी गाने के बारे में लगा हो, बता दीजिए।"

जब उनसे कहा कि गाना तो अच्छा था लेकिन माधवन द्वारा हाथ में शराब की बोतल लेना अच्छा नहीं लगा तो उन्होंने कहा, "पहले मुझे भी वह अच्छा नहीं लगा था लेकिन यह तो आम बात है। इसका मतलब यह नहीं कि मैं शराब पीने का समर्थन कर रहा हूँ। कॉलेज में युवा शराब पीते हैं और उनका एक रूप हम यहाँ दिखा रहे हैं। हम इससे यह संदेश नहीं दे रहे हैं कि शराब पीना चाहिए। मुझे पता है कि दर्शकों की मुझसे बहुत उम्मीदें हैं और वे मुझे इस तरह की हरकतें करते देखना पसंद नहीं करते लेकिन वह गाने की माँग थी, इसलिए वह दृश्य रखा है।"

गाने के बारे में जानकारी देते हुए आमिर ने बताया- "इस गाने की कोरियोग्राफी माटुंगा (मुंबई) के डॉन बॉस्को स्कूल के एक टीचर ने तैयार की है। निर्देशक राजकुमार हिरानी नहीं चाहते थे कि इस गाने को किसी प्रोफेशनल कोरियोग्राफर से तैयार कराया जाए क्योंकि वे इसे एक अलग तरीके से पेश करना चाहते थे।"

गाने के बोल हैं- "ऑल इज वेल"। इस बारे में आमिर बताते हैं कि जीवन में लगभग हर दिन हमें किसी न किसी परेशानी का सामना करना पड़ता है। उस समय अपने दिल दिलासा देना जरूरी होता है। परेशानी हर किसी को होती है लेकिन अगर हम दिल को समझाएँ तो परेशानी दूर तो नहीं होगी लेकिन उसकी तीव्रता कम हो सकती है। यही संदेश इस गाने में देने की कोशिश की गई है।

यह फिल्म चेतन भगत के मशहूर उपन्यास "फाइव प्वॉइन्ट समवन" पर आधारित है। कहानी के बारे में आमिर बताते हैं कि यह कॉलेज में पढ़ाई कर रहे तीन युवाओं की कहानी है। तीनों का अलग स्वभाव है लेकिन तीनों साथ में रहते हैं और कुछ ऐसा करना चाहते हैं जिसे लोग याद रखें।

फिल्म के शीर्षक के बारे में पूछने पर आमिर ने कहा- "इडियट का मतलब वह नहीं है जो आप सोचते हैं। आप जो इडियट के बारे में सोचते हैं उसके लिए स्टूपिड शब्द है। इडियट वह है जो ऐसा कुछ अनोखा करना चाहता है जिसे दुनिया याद रखे और उसका नाम हो जाए। जैसे आइंस्टीन आदि कुछ साइंटिस्ट होकर गए। वे किसी एक चीज से प्रभावित होकर उसके ऊपर ही काम करने लगे थे, वे कुछ कर दिखाना चाहते थे। ऐसा काम करने वालों को ही इडियट कहा जाता है। फिल्म के जो तीन नायक हैं, वे इसी तरह के इडियट हैं जो कुछ कर दिखाना चाहते हैं।"

जब आमिर का ध्यान इस ओर दिलाया जाता है कि वे फिर एक बार कॉलेज युवा का किरदार निभा रहे हैं, तो वे बोल पड़ते हैं- "हाँ। आपको शायद झूठ लगेगा लेकिन मैंने कॉलेज जीवन में मस्ती नहीं की। बहुत कम उम्र से मैंने फिल्म उद्योग में कदम रखा था। एक सहायक के रूप में मैंने फिल्मों में काम करना शुरू किया। कॉलेज जीवन का अनुभव मैंने अच्छी तरह लिया ही नहीं लेकिन यह कसर मैंने फिल्मों में पूरी कर दी। "दिल चाहता है", "रंग दे बसंती" और अब "3 इडियट्स" में मैंने कॉलेज जीवन एंजॉय किया है। इसके लिए मैंने अपने भतीजों से बहुत मदद ली। कॉलेज में युवा कैसे रहते हैं, कैसे बोलते हैं आदि बातें मैंने उनसे सीखीं और उसी को फिल्मों में दिखाया।‘

Show comments

रामायण हिट है या फ्लॉप: यह बताने की इतनी जल्दी क्यों? 2000 से 4000 करोड़ के बजट की चर्चाओं में कितना सच!

30 साल बाद भी सीखने का जुनून! वेब सीरीज 'आदि शंकराचार्य' में 'आरम्भा' का किरदार निभाकर भावुक हुईं शिल्पा शिरोडकर, जानें क्या कहा?

सलमान खान की 'मातृभूमि' के ट्रेलर ने मचाया तहलका, एक दिन से भी कम समय में पार हुए 50 मिलियन व्यूज

रणबीर कपूर की 'रामायण' का बॉक्स ऑफिस पर महा-तूफान, 8 दिन में दुनियाभर से कमाए 1000 करोड़ रुपये, तोड़े कई रिकॉर्ड

53 की उम्र में मलाइका अरोड़ा का सिजलिंग अवतार, ग्रे जंपसूट में ढाया कहर

सभी देखें

उड़ता तीर मूवी रिव्यू: आयुष्मान खुराना की फिल्म में दिलचस्प आइडिया, लेकिन कॉमेडी के नाम पर निराशा

न बंदूक चली, न पड़ा थप्पड़: फिर भी सिनेमाघरों में क्यों चला 'दृश्यम: द कन्क्लूजन' का जादू?

नाना पाटेकर की पत्नी कौन थीं? 1978 में हुई थी शादी, फिर क्यों अलग रहने लगे दोनों, जानिए अनकही कहानी

रेखा की जिंदगी में अमिताभ सहित आए ये 6 पुरुष, पर क्यों नहीं मिला सच्चा प्यार?

रेखा की जिंदगी के 25 अनसुने किस्से: जब 'अग्ली डकलिंग' कहकर उड़ाया गया मजाक, मजबूरी में बनीं बॉलीवुड की 'एवरग्रीन दीवा'