मुझे कभी नहीं भूलेगी रेत में धँसी, शीशे सी बुझी वे आँखें, छोटा कद, दुबले पतले 45 साल के रेवा राम की तस्वीर। याद है यह भी कि मैं दिल्ली के सीवर कर्मचारियों पर कहानी करने के लिए निकली थी। वह एक आम सा दिन था और रेवा राम भी हर दिन की तरह अपने काम के लिए तैयार थे, पर मुझे मालूम नहीं था कि मैं जो देखने जा रही थी, वह दृश्य मुझे इतना ज्यादा शर्मिंदा कर देगा।
BBC
रेवाराम दिल्ली के एक धनी इलाके में बंद पड़े एक मैन होल की सफाई के लिए तैयार हुए थे। मैन होल का ढक्कन खोलने के साथ ही भयंकर दुर्गंध से मुझे उबकाई आने लगी, लेकिन रेवा राम के पास कोई चारा नहीं था, सिवाय इसके कि वे इसमें नंगे बदन, बिना किसी 'मास्क' या 'बॉडी सूट' के नीचे उतरे और उस कीचड़ को साफ करें।
गैस लग गई...थोड़ा पानी चाहिए : उन्होंने घोड़े की लगाम की तरह एक रस्सी अपने बदन पर बाँधी थी, जिसका एक सिरा उनके दूसरे साथियों ने बाहर से पकड़ रखा था। मैन होल का दायरा इतना छोटा था कि उसकी गंदी दीवारों से रगड़ खाकर ही रेवा राम उसमें उतर सके। दीवारों पर बड़े तिलचट्टे, चारों तरफ बदबू और सर चकरा देने वाली दूषित गैस थी।
मैं देख पा रही थी रेवा राम आठ फुट गहरे मैन होल में लगातार खाँस रहे थे और गंदगी हाथों से निकाल बाहर लोगों को पकड़ा रहे थे। अचानक बगल के किसी आलीशान घर से किसी ने फ्लश किया होगा कि मल से भरा पानी उनके सिर पर गिरने लगा। कुछ पल में ही वे उससे लथपथ हो गए.। उनकी साँसें फूलने लगीं, आँखें जलने लगीं। उन्हें खींच कर बाहर निकाला गया। वे खाँसते हुए कह रहे थे 'गैस लग गई...थोड़ा सा पानी चाहिए।
कुलीनता की हिंसा : शायद चेहरे पर पानी के छींटे पड़ते तो उन्हें बेहतर महसूस होता। उनके दोस्तों ने पड़ोस के बड़े घरों के आलीशान दरवाजों को पीटना शुरू किया, लेकिन मुझे आश्चर्य नहीं हुआ कि दरवाजे नही खुले। मुझे केवल शर्म आई कि ये सच मेरे सामने था। 21वीं सदी की कोई आम दोपहर, कुलीनता की हिंसा क्या होती है, तब मुझे समझ में आया।
रेवा राम दिल्ली महानगर के सीवरों, मेन होल्स की सफाई करने वाले लगभग छह हजार बेलदारों में से एक हैं। पूरे भारत में नालों, सीवरों और मेन होल्स की सफाई का जिम्मा इन्हीं बेलदरों पर होती है, जो अमूमन दलित होते हैं।
रेवा राम सरकारी एजेंसी दिल्ली जल बोर्ड के कर्मचारी हैं। इस शहर में लगभग छह हजार किलोमीटर की सीवर पाइपों की साफ सफाई की जिम्मेदारी इसी सरकारी एजेंसी की होती है।
BBC
घरों के कचरे, लोगों के मल-मूत्र, कारखानों की गंदगी, ये सब इन सीवरों में बहता है और जब कचरे से ये भरने लगता है तो बेलदारों को बिना किसी सुरक्षा उपकरणों के इन नालों के, मेन होल्स के भीतर जाना पड़ता है।
डॉक्टर आशीष मित्तल ने इनके स्वास्थ्य और सुरक्षा की चिंताओं पर शोध किया है। उनके अनुसार बेलदारों को सीवरों में मीथेन और हाईड्रोजन सल्फाईड जैसी दूषित गैसों के संपर्क मे लगातार आना पड़ता है, जिससे उन्हें चर्म रोग, साँस की बीमारी, सिरदर्द और लंबे समय तक चलने वाली कई तरह की बिमारियाँ हो जाती हैं।
उनके अनुसार इन लोगों के काम करने की परिस्थितियाँ इतनी अमानवीय हैं कि उनकी उम्र औसत हिदुस्तानियों के मुकाबले में दस साल कम होती है।
मानवाधिकार कार्यकर्ता एक सीधा सवाल पूछते हैं कि जब अरबों रुपए चंद्रयान और कामनवेल्थ गेम्स की तैयारियों पर खर्चे जा सकते हैं तो इन सीवर सिस्टम्स को पूरी तरह से मशीन से साफ क्यों नहीं किया जा सकता?
हमारी जात तो सदियों से करती आई ह ै : सरकार का दावा है कि बेलदार केवल आपात स्थिति में ही इन मेन होल्स या सीवर पाइपों की सफाई करते हैं, लेकिन शायद यह सच भी किसी से छिपा नहीं कि दिल्ली जैसे महानगर में हर दिन आपात स्थिति की तरह ही होता है।
सरकारी एजेंसियाँ ये भी दावा करती हैं कि बेलदारों के लिए सुरक्षा के सभी उपकरण मौजूद हैं। मैंने खाँसते और कीचड़ में फँसे रेवा राम से पूछा आपको गुस्सा नहीं आता कि ये काम आपको करना पड़ता है।
जवाब मिला-"नहीं मैडम कम से कम सरकारी नौकरी है। अनपढ़ हूँ और करूँगा भी क्या? फिर हमारी जात तो सदियों से ये काम करती रही है। मैंने इसके बाद भारतीय संविधान में सभी नागरिकों को सम्मानित जीवन जीने के अधिकार के बारे में कोई चर्चा नहीं की।