1. सामयिक
  2. »
  3. बीबीसी हिंदी
  4. »
  5. बीबीसी समाचार

रामोजी राव की दुनिया

रामोजी राव
सुशील झा (बीबीसी संवाददाता, हैदराबाद से)

BBC
'ये मेरी छोटी सी दुनिया है जिसमें मैं रहता हूँ।' रामोजी राव की छोटी सी दुनिया मात्र दो हजार एकड़ में फैली है जिसमें वो सबकुछ है जो किसी छोटे से शहर की जरुरत होती है। एक समय फिल्में बनाने वाले रामोजी राव आज आंध्र प्रदेश के सबसे बड़े मीडिया हाउस इनाडू के मालिक हैं।

राव आमतौर पर इंटरव्यू नहीं देते और बाहर के लोगों से कम मिलते हैं, लेकिन बीबीसी को उन्होंने मना नहीं किया। करीब 12 टीवी चैनलों और जाने-माने तेलुगू अखबार के मालिक रामोजी राव पहली नजर में साधारण से दिखते हैं, लेकिन बातचीत शुरु होते ही पता चलता है कि ये साधारण नहीं हैं।

आधे बाँह की सफेद शर्ट, सफेद पैंट और सफेद जूतों में वो कुछ-कुछ दक्षिण भारत के पुराने फिल्मी स्टारों जैसे दिखते हैं। उन्हें देख कर ऊपर से नीचे तक सफेद कपड़े पहने बॉलीवुड हीरो जितेंद्र की याद आती है।

क्षेत्रीय चैनलों के बादशाह : रामोजी ने भारत में सबसे पहले क्षेत्रीय चैनलों की शुरुआत की थी और आज वो देश के लगभग हर राज्य में खबरें प्रसारित करते हैं, लेकिन उन्हें ये विचार कैसे आया।

वो कहते हैं, 'आइडिया तो यूँ ही आ जाता है। असल में राष्ट्रीय मीडिया में बहुत सारे चैनल थे तो मुझे पता था कि वहाँ सफलता मुश्किल है। मैं अखबार चलाता हूँ तो मुझे मीडिया के बारे में पता था। हमने तेलुगू चैनल से शुरुआत की जो अच्छी रही। फिर बाकी चैनल आए।'

रामोजी राव का कार्यालय और घर हैदराबाद से करीब डेढ़ घंटे की दूरी पर है जिसे रामोजी फिल्म सिटी का नाम दिया गया है। वो इसकी खासियत बताते हैं, 'आप यहाँ स्क्रिप्ट लेकर आइए फिल्म की और फिल्म का प्रिंट लेकर वापस जाइए। फिल्म निर्माण का हर सामान यहाँ मौजूद है। ठहरने के लिए होटल से लेकर शूटिंग के लोकेशन सबकुछ। डबिंग और पोस्ट प्रोडक्शन भी यहीं से हो सकता है।'

शायद तभी हमें रास्ते में हाई कोर्ट, एयरपोर्ट, अस्पताल, बड़े होटल, वेनिस के झीलों की प्रतिकृति सबकुछ देखने को मिली जो फिल्मों में इस्तेमाल होती है।

आंध्रप्रदेश में फिल्मों का तो क्रेज है ही लेकिन लगता है कि खबरों से भी लोगों को प्यार है। शायद इसलिए यहाँ ईनाडू के अलावा भी कई चैनल हैं।

मीडिया में दिलचस्पी : माँ टीवी, महा टीवी से लेकर एचएम टीवी और लोकल टीवी जैसे करीब 23 स्थानीय चैनल हैं जिसमें से 20 खबरें प्रसारित करते हैं। यहाँ लोग कहते हैं कि जिसके पास भी पैसा है वो सबसे पहले टीवी चैनल और उसमें भी सबसे पहले खबरों का चैनल लाँच करता है।

रामोजी आंध्र प्रदेश में फिल्म और मीडिया के बादशाह हैं, लेकिन उन्हें फिल्मों और मीडिया में क्या अधिक पसंद है, वो कहते हैं, 'मेरे लिए मीडिया प्रमुख है, मैं अखबार बहुत पसंद करता हूँ। फिल्में हैं लेकिन मुझे मीडिया में बहुत दिलचस्पी है और आगे भी यही काम करना चाहता हूँ।'

तो क्या वो दक्षिण भारत के रुपर्ट मर्डोक हैं, वो नाराजगी भरे स्वर में कहते,'मैं इस पर टिप्पणी भी नहीं करना चाहता। मर्डोक मर्डोक हैं और रामोजी राव रामोजी राव हैं।'