Daily Horoscope
✕

'...तो मैं मुसलमान न बनती'

Written By BBC Hindi
Updated: शुक्रवार, 7 दिसंबर 2012 (13:15 IST)
BBC
ईसाई पिता और यहूदी मां की बेटी रेचल साराह लूई ने 15 साल की उम्र में इस्लाम धर्म अपना लिया। लेकिन एक नए मुसलमान का ये रास्ता उनके लिए बहुत मुश्किल निकला। इसलिए नहीं कि उनका अपना परिवार इस फैसले से नाखुश था, बल्कि इसलिए क्योंकि जिस धर्म से वो जुड़ीं, उसी के लोगों ने उन्हें नहीं अपनाया।

एक मुसलमान की तरह जीते हुए अब 15 साल गुजर चुके हैं। रेचल पीछे मुड़कर देखती हैं तो कहती हैं, 'अगर मैं इस्लाम पर किताबें पढ़ने से पहले समुदाय के लोगों से मिली होती तो कभी मुसलमान न बनती। आखिर इतनी कड़वाहट के बीच कोई क्यों रहना चाहेगा।'

इस बात में गहरा दुख और हताशा दोनों ही छुपी थीं। मैंने टटोला तो रेचल ने कई बातें बताईं। एक पाकिस्तानी मुस्लिम परिवार में जब रेचल की शादी की बात चली, तो रिश्ता ठुकराते हुए उन्होंने कहा कि रेचल उनके जैसी मुसलमान नहीं है।

कई साल बाद रेचल ने अपने जैसे एक 'नए मुसलमान' (जिसने इस्लाम अपनाया हो) से शादी की और अब उनकी 6 साल की बेटी है। लेकिन रेचल के मुताबिक उनके पति ही नहीं उनकी बेटी को भी मुसलमान परिवारों के भेदभाव का सामना करना पड़ रहा है।

उन्होंने कहा, 'मेरी बेटी आइशा ये सबकुछ बहुत चुपचाप झेल लेती है। एक बार उसे एक मुसलमान परिवार ने कहा कि वो उनके बच्चों के साथ नहीं खेल सकती, तो उसने कहा कोई बात नहीं, और चली आई। जबकि नए मुसलमान परिवारों के साथ वो बड़े प्यार से घुलमिल जाती है।'

रेचल कहती हैं कि अब वो ऐसे परिवारों से ही ज्यादा मेलजोल रखते हैं।

ब्रिटेन में बढ़ते ‘नए मुसलमान’ : ब्रिटेन में ईसाई धर्म के बाद सबसे ज्यादा लोग इस्लाम को मानते हैं, और ये धर्म ब्रिटेन में सबसे तेजी से बढ़ रहा है क्योंकि हर साल हजारों लोग अपना धर्म छोड़कर, इस्लाम को कबूल रहे हैं।

ब्रिटेन स्थित एक गैर सरकारी संस्था, 'फेथ मैटर्स' के सर्वे के मुताबिक वर्ष 2010 तक ब्रिटेन में 1 लाख लोगों ने अपना धर्म छोड़ इस्लाम को अपनाया। सर्वे ने पाया कि वर्ष 2010 में ही 5,000 से ज्यादा लोग मुसलमान बने।

नए मुसलमानों ने अब अपने संगठन बनाए हैं, ताकि एक-दूसरे को सहारा देकर एक समुदाय का हिस्सा होने का अहसास मिले। वहीं मस्जिदों में नए मुसलमानों को पैदाइश से मुसलमान रहे लोगों के साथ जोड़ने के लिए खास आयोजन किए जा रहे हैं।

मैनचेस्टर की डिड्सबरी मस्जिद में ऐसे कार्यक्रमों की देखरेख करने वाले डॉक्टर हसन अलकतीब मुसलमानों के बीच किसी तरह के भेदभाव को नकारते हुए कहते हैं कि इस्लाम तो ऐसा धर्म है जो सबको साथ लेकर चलता है।

डॉ. अलकतीब के मुताबिक, 'इस्लाम में हमें अपने मजहब के बारे में जानकारी फैलाने के लिए कहा जाता है। एक इंसान को इस्लाम में लाना दुनियाभर की जायदाद पाने से बेहतर है, जबकि इसमें हमें कोई निजी फायदा नहीं, बल्कि जिम्मेदारी और काम बढ़ जाता है।'

हालांकि वो ये मानते हैं कि नए मुसलमानों को इस्लाम की बारीकियां समझने में और पैदाइश से मुसलमानों को इन नए लोगों को अपनाने में समय लगता है और इसके लिए मस्जिदों को मेलजोल बढ़ाने के और आयोजन करने चाहिए।

नस्ली भेदभाव की जड़ : रेचल का अनुभव इकलौता नहीं है। लिवरपूल युनिवर्सिटी में पढ़ा रहे डॉक्टर लिओन मुसावी खुद एक मुसलमान हैं। अपने रिसर्च में उन्होंने कई नए मुसलमानों के अनुभवों के बारे में लिखा है।

डॉक्टर मुसावी बताते हैं, 'कई नए मुसलमानों ने मुझे बताया कि मस्जिदों और कम्यूनिटी सेंटर्स में उनका आना पसंद नहीं किया जाता। उनके साथ नस्ली भेदभाव किया जाता है। कभी तंज कस कर, कभी पत्थर फेंक कर, और कभी तो नौबत मार पीट तक आ जाती है। जबकि इस्लाम ऐसे भेदभाव को एकदम गलत बताता है।'

पैदाइश से मुसलमान लोगों के द्वारा ना स्वीकार किए जाने की बात 'फेथ मैटर्स' के सर्वे में भी उभर कर आती है।

नए मुसलमानों का कहना है कि इस्लाम अपनाने के बाद वे इस मजहब के उसूलों को तो मानने लगते हैं, मगर उनकी जिंदगी जीने के तरीके पैदाइशी मुसलमानों से अलग ही रहते हैं- चाहे वो खान-पान हो, रहन सहन हो या पारिवारिक रिश्ते निभाने के तरीके।

जानकारों के मुताबिक नए मुसलमानों के इस अलग ढंग की वजह से ही कुछ पैदाइशी मुसलमान उन पर पक्का मुसलमान न होने का ठप्पा लगा देते हैं।

एक ही धर्म को मानने वाले लोगों में पैदा हुई ये खाई पाटने में संगठित कोशिशें सहायक हो सकती हैं लेकिन ये तब तक कारगर नहीं होंगी जब तक निजी स्तर पर पैदाइश से मुसलमान रहे लोगों के मन में नए मुसलमानों के लिए जगह बन जाए।

Show comments

Gold Rate : क्या 1 लाख रुपए से नीचे आ जाएगा सोना? कीमतों में गिरावट से निवेशकों की बढ़ी चिंता, भारतीय खरीदारों के लिए क्यों है राहत?

EPFO : पीएफ के नियम में बड़ा बदलाव, अब 55 की उम्र से पहले 2 महीने में खाते से निकाल सकेंगे 90% पैसा

PUC Certificate New Rules 2026 : बार-बार नहीं बनवाना होगा पीयूसी सर्टिफिकेट, जान लें नया नियम

चीन में जिनपिंग, ट्रंप और पुतिन की ऐतिहासिक बैठक, क्या बदल जाएगा दुनिया का समीकरण? भारत पर भी पड़ेगा असर

पूर्वांचल का सबसे बड़ा हथियार सप्लायर वाहिद अंसारी एनकाउंटर में ढेर: सुपारी लेकर करता था मर्डर

सभी देखें

Xiaomi 18 Pro Series : Xiaomi का बड़ा धमाका, 17 नवंबर को लॉन्च होंगे 7 नए प्रोडक्ट, जानिए क्या होगा खास

Samsung Galaxy S27 सीरीज को लेकर बड़ा खुलासा, S27 और S27 Plus को लेकर सामने आई यह खबर

OnePlus के 3 सस्ते फोन होंगे लॉन्च, OnePlus 16R भी आएगा, कीमत को लेकर क्या हुआ खुलासा

Vivo Y32 5G : सस्ते में मिलेगा वीवो का 5G स्मार्टफोन, 37 घंटे चलेगी बैटरी, जानें फीचर्स

Samsung Galaxy S27 Ultra की कीमत कितनी होगी? नए कैमरा डिजाइन और प्राइवेसी डिस्प्ले के साथ 2027 में होगा लॉन्च