1857 के विद्रोह के जितने नायकों, नायिकाओं को हम जानते हैं या जिनके बारे में सुना है उससे कहीं लंबी है वो सूची जो 19वीं सदी के सबसे बड़े विद्रोह के इतिहास का हिस्सा बनी।
ऐसे कई नाम हैं जो इतिहास के पन्नों में दर्ज हैं पर दिखाई नहीं देते, जो बेहद सुर्ख हैं पर शायद वक्त की धूल उन्हें सामने नहीं आने देती। ऐसा ही एक नाम है अजीजुन्निसा का।
कानपुर के चंद लोगों की यादों में आज तक जिंदा इस तवायफ का इतिहास उस वर्ग का इतिहास है जिसके निजी हित अंग्रेजों के हितों से जुड़े थे पर जो हक की हिस्सेदारी में अँगरेजों को हाशिया भी देने को तैयार नहीं थे।
अजीजुन्निसा या अजीजन बाई या फिर कानपुर की अजीजन 1857 के दौर की एक ऐसी महिला हैं, जो पैरों के घुंघरू तोड़कर, गले से ठुमरी की तान छोड़ बगावत की आवाज बुलंद करती हैं।
और इस चरित्र का जिक्र आया इन दिनों दिल्ली में चल रहे भारतीय रंग महोत्सव के बहाने। रंगमंच के चरित्र के तौर पर जब अजीजुन्निसा की पाजेब दादरे, कहरवे के साथ बजी तो 1857 के दौर की छवियाँ लोगों के सामने उतर आईं।
इन दिनों भारत 1857 के विद्रोह की 150वीं वर्षगाँठ मना रहा है। इसी दौरान राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय की प्राध्यापक और जानी-मानी रंगकर्मी त्रिपुरारि शर्मा ने कानपुर जाकर इस पात्र को खोजा और फिर नाटक के रूप में लोगों से मुखातिब कराया। पिछले दिनों राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के 50 वर्ष पूरे होने पर 10वें भारतीय रंग महोत्सव में इस नाटक का मंचन खास चर्चा में रहा।
विद्रोह और अजीजुन्निसा : इतिहास के दस्तावेज बताते हैं कि अजीजुन्निसा एक कोठेवाली थी, तवायफ थी जिसके पास जंग से थके-हारे सिपाही आते थे और कोठे पर होने वाले मुजरे-महफिलों से अपना मनोरंजन करते थे।
BBC
BBC
पर विद्रोह की आग जब सैनिकों के बीच पनपनी शुरू हुई तो अजीजुन ने अपने जेवर और गाना-नाचना छोड़कर तलवार उठा ली। इतिहास बताता है कि अजीजुन्निसा ने अँगरेजों का खून बहाने में कोई झिझक नहीं की।
त्रिपुरारि शर्मा ने अजीजुन्निसा चरित्र को एक महत्वपूर्ण कड़ी के तौर पर देखती हैं और बताती हैं कि अँगरेजों की मौजूदगी से सिपाही और तवायफों को प्रत्यक्ष लाभ था पर दोनों ने ही अपने निजी लाभ को ताक पर रखकर विद्रोह छेड़ा और जिंदगी का दाँव खेला।
उन दिनों तवायफें नवाबों या जमीदारों की दौलत के सहारे अपना गुजारा चलाती थीं पर अजीजुन्निसा लखनऊ छोड़कर कानपुर आई, यहाँ अपना कोठा बनाया जो सिपाहियों और बागियों के सहारे चलता था।
त्रिपुरारि शर्मा बताती हैं कि बुंदेलखंड में आज भी इसकी झलक मिलती है। बाँदियाँ, तवायफें, यौनकर्मियों और बागियों, डकैतों के बीच एक सामंजस्य आज भी देखने को मिल जाता है।
अजीजुन्निसा की विद्रोह के दौरान हुई गवाहियों के दस्तावेज बताते हैं कि उससे सैनिकों ने नाना साहब की मोहरों के बारे में जो बातचीत की थी, उसी से विद्रोह और उसमें शामिल बड़े नायकों का अंदाजा लगाया जा सका। हालाँकि अजीजुन्निसा ने इस बात को छिपाने के लिए खुद कभी भी यह स्वीकार नहीं किया था।
पर यही वो गवाहियाँ हैं जिनको ध्यान में रखते हुए अँगरेजों ने कोठों और तवायफों के लिए लाइसेंस जारी करने का फरमान जारी किया और तभी से कोठे महज यौनकर्मियों के अड्डे बनना शुरू हुए।
हिंसा के प्रति हिंसा : नाटक के जरिये अजीजुन्निसा की कहानी तो सामने आती ही है, एक और बात स्थापित होती है कि हिंसा के प्रति हिंसा में कोई कम-ज्यादा के स्तर पर नहीं था। यानी विद्रोहियों और अँगरेजों में से जिसे जब हिंसा का मौका मिला, उसने इसका इस्तेमाल किया और इसका निशाना महिलाएँ, बच्चे भी बने...दोनों ओर से।
त्रिपुरारि शर्मा कहती हैं कि जिस भी समाज को अपना बदला लेने के लिए हिंसा का जब भी मौका मिलता है, समाज उससे चूकता नहीं है। उस वक्त महिलाओं और बच्चों पर हुए हमले इस बात को स्थापित करते हैं कि अँगरेजों से कम संख्या में ही सही, पर बेकसूर विद्रोही सिपाहियों के हाथों भी मारे गए।
वो बताती हैं कि गुजरात के दंगों से पहले इस कहानी पर काम करते समय लोगों ने मुझसे कहा था कि बेकसूरों पर हिंसा और महिला के हाथों हिंसा दिखाना ठीक नहीं पर अब लोग इसे स्वीकारते हैं और इन पहलू को इस नाटक की ताकत मानते हैं।
अजीजुन्निसा पर केंद्रित यह नाटक केवल उनका ही नहीं, उस दौर के सैनिकों की बेबसी, नेतृत्व का अभाव, अपने अंतरद्वंद्वों और नौकरी के देश के प्रति फर्ज की कश्मकश भी दिखाता है।
अजीजुन्निसा की कहानी केवल अजीजुन की नहीं है, उन कई गुमनाम नायिकाओं की कहानी भी है जो महज अबला से लेकर मरहम-पट्टी करने वाली और कोख से सिपाही पैदा करने वाली भर नहीं थीं, बराबर कंधा मिलाकर विद्रोह में शामिल होने वाली सेनानी थीं। देखते हैं कि 150 बरस बाद भी कितने पर्दे उठ पाते हैं, कितनी अजीजुन्निसाओं को हम पहचान पाते हैं...