kundali milan
✕

'कोई मेरे आकाश को लौटा दे'

Written By BBC Hindi
Updated: शनिवार, 13 अक्टूबर 2007 (11:29 IST)
BBCBBC
जब भी फोन की या दरवाजे की घंटी बजती है तो पटना में पांडे परिवार के सदस्य बेचैन हो जाते हैं। उन्हें उम्मीद है कि कभी न कभी कोई उनके इकलौते बेटे आकाश के बारे में कोई अच्छी खबर लेकर आएगा। 14 साल के आकाश का दो महीने पहले अपहरण हो गया था।

दस अगस्त को स्कूल जाते समय आकाश को कुछ लोगों ने अगवा कर लिया था। बिहार में अकसर अपहरणकर्ता रईस लोगों को निशाना बनाते हैं, लेकिन अब तक यह नहीं पता चल पाया कि एक मध्यमवर्गीय परिवा र के बेटे आकाश का अपहरण क्यों किया गया।

आकाश के पिता योगेंद्र पांडे को अपने मोबाइल पर आया एक फोन याद है कि उनके बेटे को कुछ लोगों ने उठा लिया है और उसकी साइकिल और स्कूल बैग सड़क पर पड़े हैं। उसके बाद से फिरौती की कोई माँग नहीं आई है और आकाश के परिवार को कोई अंदाजा नहीं है कि उनके बच्चे को क्यों ले जाया गया।

पांडे परिवार अपने बेटे की सलामती के लिए 30 से ज्यादा धार्मिक स्थलों पर जाकर प्रार्थना कर चुका है। वे ज्योतिषियों, जादू-टोना जानने वालों और तांत्रिकों के पास जा चुके हैं।

आँसू सूख गए हैं : वे बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से दो बार मिले और वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों से मिलकर अपने बेटे को वापस लाने की गुहार कर चुके हैं। पचास हजार रुपए से ज्यादा की रकम खर्च करने के बावजूद परिवार की कोशिशें रंग नहीं लाई हैं और वह पूरी तरह टूट चुका है।

BBCBBC
आकाश के पिता एक सरकारी दफ्तर में लैबोरेटरी असिस्टेंट के तौर पर काम करते हैं और बस इतना ही कमा पाते हैं कि बमुश्किल अपने पाँच सदस्यीय परिवार का पेट भर सकें। वे कहते हैं कि मैं भारी कर्ज में डूब गया हूँ, लेकिन एक बार आकाश घर आ जाए तो मैं दफ्तर से ऋण लेकर इसे चुका दूँगा।

मेरे आँसू सूख गए हैं। मैं पूरी तरह टूट चुका हूँ। मुझे समझ में नहीं आता कहाँ जाऊँ, किसका दरवाजा खटखटाऊँ। उनकी पत्नी अंजू और बेटियाँ आकांक्षा और अंकिता अपने आँसू नहीं रोक पातीं।

अंजू कहती हैं एक-एक सेकंड घंटे की तरह लगता है। हम सिवाय रोने और प्रार्थना करने के कुछ कर भी तो नहीं सकते। काश अपहरणकर्ता मुझे मेरा बेटा लौटा दें। वे जिससे मिलती हैं यही कहती हैं कि अगर वह आपको कहीं नजर आए तो कहिएगा कि मैंने उसकी पसंद का खाना बनाया है।

आकाश की बहनों ने इस घटना के बाद स्कूल जाना बंद कर दिया है। आकांक्षा कहती है कि जब हमारा भाई लौटेगा तो हम साथ ही पढ़ाई शुरू करेंगे। पांडे परिवार का पूरा जीवन अब टेलीफोन और अखबारों के इर्द-गिर्द घूमता है कि शायद आकाश की कोई खबर मिल जाए।

योगेंद्र पांडे को यह समझ में नहीं आता कि उनकी जैसी कम आय वाले सरकारी कर्मचारी के बेटे का क्यों अपहरण कर लिया गया। वे कहते हैं कि मैं तो फिरौती में दस हजार रुपए भी नहीं दे सकता। उसे जरूर किसी और के धोखे में उठा लिया गया है।

पुलिस ने लगता है इस मामले से हाथ झाड़ लिया है। बिहार के पुलिस प्रमुख आशीष रंजन झा का कहना है कि हमें इस मामले में कोई सुराग नहीं मिला है।

बिहार को भारत की अपहरण राजधानी कहा जाता है। एक सरकारी रिपोर्ट के अनुसार इस साल पटना में ही अब तक 15 स्कूली बच्चों का अपहरण हो चुका है। उच्च न्यायालय में पेश की गई एक रिपोर्ट के मुताबिक राज्य में पिछले छह महीने में 2217 लोगों का अपहरण हुआ है।

पांडे परिवार कब तक आकाश के आने की आस लगाए रखेगा? योगेंद्र पांडे कहते हैं कि हम आशा नहीं छोड़ेंगे। आँसू बहाते रहेंगे और प्रार्थना करते रहेंगे। किसी मृत बंधक की तो कोई कीमत नहीं है। तो वह जरूर जीवित होगा।
Show comments

लॉन्च हुआ नया सस्ता इलेक्ट्रिक टू-व्हीलर, 165 KM तक की रेंज, 1 दिसंबर से शुरू होगी डिलीवरी

झारखंड में रील बनाने की कीमत जान देकर चुकाई, मोबाइल इस्तेमाल से नाराज माता-पिता ने 14 साल की बेटी की हत्या की

WhatsApp से विदेश में भी चलेगा आपका नंबर, ऐप के अंदर ही खरीद सकेंगे डेटा eSIM

कौन सा स्मार्टफोन सॉफ्टवेयर है बेहतर? जानें स्पीड, AI, मल्टीटास्किंग और फीचर्स का अंतर

लोकसभा में 50% बढ़ेंगी सीटें, 2029 से पहले महिला आरक्षण लागू करने की तैयारी, कैबिनेट ने परिसीमन बिल को दी मंजूरी

vivo x500 Series Launch : 200MP कैमरा, 7,800mAh बैटरी और 5,000 निट्स ब्राइटनेस, जानें कीमत और ऑफर्स

Xiaomi 18 Pro Series : Xiaomi का बड़ा धमाका, 17 नवंबर को लॉन्च होंगे 7 नए प्रोडक्ट, जानिए क्या होगा खास

Samsung Galaxy S27 सीरीज को लेकर बड़ा खुलासा, S27 और S27 Plus को लेकर सामने आई यह खबर

OnePlus के 3 सस्ते फोन होंगे लॉन्च, OnePlus 16R भी आएगा, कीमत को लेकर क्या हुआ खुलासा

Vivo Y32 5G : सस्ते में मिलेगा वीवो का 5G स्मार्टफोन, 37 घंटे चलेगी बैटरी, जानें फीचर्स