suvichar
✕

कहानी 13 साल के एक साइको किलर की, जिसने अपनी चार साल की बहन को बेरहमी से मार डाला

Updated: गुरुवार, 4 अक्टूबर 2018 (15:05 IST)
अमेरिका के टेक्सास शहर में रहने वालीं चैरिटी ली जब छह साल की थीं तो उन्होंने अपने सामने ही अपने पिता की मौत देखी थी और ऐसा करने वाली उनकी मां थीं। सालों बाद जब चैरिटी ली के 13 साल के बेटे पेरिस ने अपनी ही चार साल की बहन एला की हत्या की तो उनके लिए ये होश उड़ाने वाला था।
 
 
अपनी बेटी को याद करते हुए चैरिटी बीबीसी को बताती हैं, "एला चंचल और ख़ूब बात करने वाली थी। दूसरी ओर पेरिस का स्वभाव शर्मीला और चुप रहने वाला था। पेरिस एला को बहुत प्यार करता था और वह भी अपने बड़े भाई की इज़्ज़त करती थी।"

 
"पेरिस बेहद शांत बच्चा था। वह ख़ुद में व्यस्त रहता, बिल्कुल दूसरे बच्चों की तरह। लेकिन उसकी इन बातों से मुझे कभी कोई परेशानी नहीं रही।" "लेकिन जब इन बीती बातों पर ग़ौर करो तो लगता है कि वो एक संकेत था। उस वक़्त यही लगता रहा कि ये सामान्य बात है, ये बच्चों की उम्र में होता ही है।"
 
 
"जब पेरिस की उम्र 12 साल थी और एला लगभग दो या तीन साल की रही होगी, उस वक़्त मैं धीरे-धीरे ड्रग्स की ओर बढ़ने लगी थी। मैंने यूं तो इसे सालों पहले छोड़ दिया था लेकिन मैं फिर इसकी शिकार हो रही थी।"
 
 
'एक घटना जिसे मैं समझ नहीं सकी'
इस दौरान ही एक ऐसी घटना हुई जिसने चैरिटी को परेशान किया। चैरिटी की मां के एक फ़ार्म में पेरिस और एला अपनी आंटी के साथ खेल रहे थे। चैरिटी बताती हैं, "उनके बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो गया। मैंने दोनों की लड़ाई सुलझाई।
 
 
इसके बाद जब मैं पेरिस को खोजने लगी तो मुझे पता चला कि वो किचन से एक चाकू लेकर बाहर निकला है। मैंने उसे जब खोजा तो वो मुझे रोता हुआ मिला। वह कह रहा था कि यदि वो उसके पास आएंगे तो वह ख़ुद को ज़ख़्मी कर लेगा।"

 
''मैं जानती थी कि पेरिस मेरे नशे की आदत से काफ़ी दुखी था। ये सब उसी के कारण हो रहा था। मैं इसलिए परेशान थी, क्योंकि पेरिस की प्रतिक्रिया अतिश्योक्तिपूर्ण थी। मैं उसे अस्पताल ले गई। डॉक्टर को पेरिस में होमोसाइडल (हत्यारा) प्रवृत्तियां नज़र नहीं आईं।"
 
"साल 2005 में मैं ड्रग्स की लत से बाहर आ गई।"
 
 
'वो काला दिन'
"चार फ़रवरी... साल 2007, मैं एक रेस्त्रां में वेट्रेस का काम कर रही थी।" ''मैं जब काम पर जा रही थी तो एला बाथटब में थी। सामान्य तौर पर वह मुझे गले लगाती और कहती ''गुडबाय मां'', लेकिन उस दिन मुझे कई बार गले लगाया और चूमा।''
 
 
''उस दिन पेरिस मुझसे नाराज़ था। ये सामान्य सी बात थी, क्योंकि ऐसा होता था। मुझे ठीक-ठीक याद है कि मैं उसके पास गई और कहा- तुम्हे पता है कि मैं तुमसे बहुत प्यार करती हूं। हम कई बुरे दौर से गुज़र चुके हैं और हम इससे भी उबर जाएंगे।"
 
"इसके बाद मैं काम पर चली गई"
''आधी रात का वक़्त था. रेस्त्रां बंद हो रहा था, ठीक उसी पल दो जासूस और एक पादरी आए और मुझे बताया कि आपकी बेटी घायल है और घर पर है। जब मैंने पूछा कि उसे अस्पताल क्यों नहीं ले गए तो उन्होंने मुझे बताया कि वह मर गई है। और उसे मारने वाला मेरा ही बेटा और उसका बड़ा भाई पेरिस है।"
 
 
''ये सुनकर ऐसा लगा कि मेरी दुनिया ही ठहर गई हो। कुछ भी समझ आना बंद हो गया।'' 
 
 
कैसे पेरिस ने किया ये ग़ुनाह?
पेरिस ने नैनी (बच्चों की देखभाल करने वाली) को मां के वापस आने से पहले ही घर भेज दिया। इसके बाद वह अपनी चार साल की बहन के कमरे में गया। उसका यौन शोषण किया, मारा, गला दबाया और फिर उस पर 17 बार चाकू से वार किया।
 
 
आपातकालीन मदद बुलाने के बजाय पेरिस ने अपने दोस्त को बुलाया। उससे बात की। उस वक़्त के गवाह बताते हैं कि उसने अपनी बहन को बचाने के लिए कोई कोशिश नहीं की।"
 
 
"अगले दिन मैं पेरिस से मिलने गईं जहां उसे नज़रबंद रखा गया था।" "उसने मुझसे कहा- आप हमेशा कहती थी कि आप किसी की हत्या तभी कर सकते हो जब वो आपके बच्चे के साथ कुछ बुरा करे, तो अब आप क्या करेंगी?"
 
 
"उसके सवाल में वो डर क़तई नहीं था कि उसकी मां उसके साथ कुछ बुरा करेगी बल्कि वह सोच, उसके शब्द मुझे चैलेंज कर रहे थे। ये पहली बार था जब मैं अपने बेटे पेरिस में पेरिस को नहीं किसी और को देख रही थी।"
 
 
"मैंने कहा, मैं तुमसे वही वादा करूंगी जो मैंने तब किया था जब तुम पैदा हुए थे।".. ''जब मेरी गोद में पहली बार पेरिस आया था तो मैंने उसके कानों में कहा था कि मुझे नहीं पता कैसे एक मां बना जाए। लेकिन एक वादा जो मैं तुमसे करती हूं वो ये कि मैं हमेशा तुम्हारे लिए अपना सबसे बेहतर करूंगी।"
 
 
"मैं चाहती थी कि वो जाने कि मेरा प्यार उसके लिए बेशर्त है। मैंने उससे कहा- मैं हमेशा तुम्हारी बेहतर मां बनने की कोशिश करूंगी। कुछ भी हो जाए मैं हमेशा तुमसे प्यार करूंगी।"
 
'मैंने एक राक्षस को मारा'
"पुलिस ने मुझे उस घटना को लेकर पेरिस के बयान की रिकॉर्डिंग दी। पेरिस ने कहा था- हम दोनों (पेरिस-एली) एक ही बिस्तर पर सो रहे थे। जब मैं सो कर उठा तो मैंने देखा कि वह एक राक्षस में तब्दील हो गई है। तो मैंने उस राक्षस को मार दिया।"
 
 
"लगभग तीन महीने के लिए मैंने इस पर यकीं करना चाहा कि मेरा बेटा बीमार है। जब पेरिस को गिरफ़्तार किया गया तो उसका बेहद हिंसक रूप सामने आया।"
 
 
जांच में यह पता चला कि पेरिस ने बेहद चौंकाने वाली चीजें इंटरनेट पर सर्च कीं। इसके साथ ही बेहद भयानक चीजें उनसे अपनी बहन की हत्या के दौरान कीं। आखिरकार पेरिस ने माना कि ये कोई दुर्घटना नहीं थी। वह अपनी बहन की हत्या करना चाहता था। साल 2007 में पेरिस को 70 साल की सज़ा दी गई।
 
 
क्या चैरिटी की ग़लती?
ख़ुद को दोषी मानने के सवाल पर चैरिटी ने कहा, "हां और नहीं भी, मैंने हमेशा इस बात की ज़िम्मेदारी ली है कि मेरे नशे में दोबारा जाने का असर पेरिस पर पड़ा। मुझे लगता है कि इसका बड़ा कारण आनुवांशिक हैं।"
 
 
''मुझे लगता है कि वह दूसरे फ़ैसले ले सकता था। हम सब में ये क़ाबिलियत होती है। ये अलग बात होती कि उसे कोई डिसऑर्डर होता और वह सही-ग़लत में भेद नहीं कर पाता लेकिन ऐसा नहीं था। उसने मुझे बताया था कि उसने एला को इसलिए मारा क्योंकि ये मेरे लिए गहरी चोट होती।''...''बिना किसी संदेह, वो मानसिक तौर पर बीमार था।''
 
 
एक नई शुरुआत
साल 2013 में, लगभग छह साल बाद चैरिटी फिर गर्भवती हुईं। उन्होंने बच्चे का नाम फ़ोनिक्स रखा। चैरिटी कहती हैं, ''पेरिस और एला के साथ जो हुआ वो मेरी ज़िंदगी का अंत नहीं है। ज़िंदगी आगे भी है।"
 
 
पेरिस टेक्सास की एक जेल में बंद हैं। वह अब लगभग 25 साल का हो चुका है। चैरिटी उससे मिलने अब भी जाती हैं और फ़ोन पर भी बात करती हैं। संभव है कि वह 2047 में जेल से बाहर आए।
 

SIR विवाद के बीच सुप्रीम कोर्ट की दो टूक, कहा- हमारे हाथ बंधे नहीं हैं

CJP नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को बड़ी राहत, SEM कोर्ट ने दिया रिहाई का आदेश

Gold-Silver Price Today: सस्ता हुआ सोना, चांदी के दामों में गिरावट, जानिए देश के बड़े शहरों में क्या रहे भाव

Electric Scooter : TVS और Ather को टक्कर देने आ रहा है VinFast का सस्ता इलेक्ट्रिक स्कूटर, पेटेंट में दिखा 14-इंच व्हील वाला डिजाइन

जेफ्री एपस्टीन के साथ हरदीप सिंह पुरी की तस्वीरें वायरल: विपक्ष ने घेरा, गरमाई सियासत

Apple iPhone Duo की प्री-बुकिंग शुरू, Samsung Galaxy Z Fold 8 को मिला फायदा, कीमत 2.99 लाख रुपए

iQOO Pad Pro 8.8 Launch : 9,020mAh बैटरी, एक्टिव कूलिंग फैन और 165Hz OLED डिस्प्ले से होगा लैस

iPhone खरीदने का शानदार मौका, Reliance Digital का बड़ा ऑफर, iPhone 15, 16 और 17 पर भारी छूट

Vivo V80 हुआ लॉन्च, 7200mAh बैटरी और 50MP ZEISS कैमरा, कीमत सुनकर कहेंगे- इतना सस्ता?

Xiaomi 18 Pro Max, Xiaomi 18 Pro Max कीमत, स्पेसिफिकेशन, कैमरा, कब होगा भारत में लॉन्च

अगला लेख