Last Modified: नई दिल्ली ,
बुधवार, 9 मार्च 2011 (13:08 IST)
राजधानी में छठे सट्टा गिरोह का पर्दाफाश
दिल्ली पुलिस ने विश्वकप क्रिकेट टूर्नामेंट के मैचों में सट्टा लगाने वाले छठे गिरोह का पर्दाफाश करते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।
दिल्ली पुलिस के उपायुक्त (अपराध शाखा) अशोक चंद ने आज बताया कि शहर के नांगलोई इलाके के रनहौला में पुलिस ने रविवार को आयरलैंड के खिलाफ भारत तथा दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ इंग्लैंड के मैच के दौरान सट्टा लगाते हुए तीन लोगों को गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार विश्वकप शुरू होने के बाद से दिल्ली में यह छठा सट्टा गिरोह प्रकाश में आया है।
इनके पास से एक लैपटॉप, सात मोबाइल फोन, एक टीवी सेट, दो नोटबुक, एक डाटाकार्ड, दो कैलक्युलेटर और एक सेट टॉप बॉक्स बरामद किए गए। पुलिस के अनुसार इन लोगों ने सट्टेबाजी में करीब तीन करोड़ रुपए कमाए।
इससे पहले एक मार्च को अशोक विहार और 27 फरवरी को ईस्ट आफ कैलाश में भी सट्टा गिरोहों का पर्दाफाश हुआ था। अशोक विहार से तीन और ईस्ट ऑफ कैलाश से पाँच लोगों को गिरफ्तार किया गया था। (वार्ता)