• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. चुनाव 2013
  4. »
  5. राजस्थान
Written By WD
Last Modified: शुक्रवार, 15 नवंबर 2013 (19:44 IST)

चुनाव आयुक्त ने किया अभिलेखागार का अवलोकन

राजस्थान विधानसभा चुनाव 2013
बीकानेर। प्रमुख शासन राजस्व देवस्थान, सैनिक कल्याण राजस्थान जयपुर तपेश पंवार एवं मुख्य चुनाव आयुक्त आंध्रप्रदेश, हैदराबाद भंवरलाल ने बीकानेर प्रवास के दौरान संयुक्त रूप से राज्य अभिलेखागार, बीकानेर का अवलोकन किया।

उन्होंने नवनिर्मित सेनानी दीर्घा, कम्प्यूटराइज शोध कक्ष, अणुचित्रण कक्ष एवं संदर्भ पुस्तकालय का अवलोकन किया। स्वतंत्रता सेनानियों के संक्षिप्त विवरण का गहनता से अध्ययन किया। इसके साथ-साथ अभिलेख दीर्घा में प्रदर्शित फरमान, निशान, मंसूर, वकील रिपोर्ट्स आदि का बारीकी से अध्ययन किया। अभिलेख दीर्घा में रखी गई दुर्लभ पुस्तकों का अध्ययन किया। डॉ. एलपी तैस्सीतोरी कक्ष का अवलोकन भी किया।

इतिहास खंड में सुरक्षित महत्वपूर्ण अद्वितीय मूल फरमान, निशान, मंसूर, दस्तूर कौमवार इत्यादि दस्तावेजों को गौर से देखा एवं इनके बारे में उन्होंने विस्तृत जानकारी प्राप्त की। उन्होंने राज्य अभिलेखागार को सुव्यवस्थित संग्रह व प्रदर्शन का मुख्य केन्द्र बताया तथा भूतपूर्व रियासतकालीन अभिलेखों को बहुत अच्छी स्थिति में रखने की सराहना की।

साथ ही अभिलेखों को आधुनिक तकनीक से सुरक्षित एवं संरक्षित रखने के प्रयास किए जाने एवं राज्य अभिलेखागार द्वारा डिजिटाइज अभिलेखों को ऑनलाइन प्रदर्शित कर, प्रामाणित रूप में प्रस्तुत करने की सराहना की। विभागीय कार्यकलापों, गतिविधियों आदि की जानकारी व अवलोकन डॉ. महेन्द्र खड़गावत, निदेशक राजस्थान राज्य अभिलेखागार द्वारा करवाया गया। इस अवसर पर अतिरिक्त आयुक्त उपनिवेशन राजेन्द्र मिश्रा व प्रेमसुख बिश्नोई भी उपस्थित थे।