नीतीश राजपूत की 'बिग बॉस 20' में एंट्री की चर्चा, रिसर्च वीडियो से अब रियलिटी शो तक पहुंचेंगे?
अपने निडर विश्लेषण और सोशल-पॉलिटिकल मुद्दों पर आधारित गहन रिसर्च वीडियो के लिए मशहूर यूट्यूबर नीतीश राजपूत अब जल्द ही रियलिटी टीवी की दुनिया में कदम रख सकते हैं। मीडिया गलियारों में चल रही तेज चर्चाओं के अनुसार, नीतीश राजपूत जल्द ही टीवी के सबसे चर्चित शो 'बिग बॉस 20' में बतौर कंटेस्टेंट नजर आ सकते हैं।
डिजिटल प्लेटफॉर्म पर अपनी तार्किक आवाज और बेबाक शैली से करोड़ों दिल जीतने वाले नीतीश को एक ऐसे माहौल में देखना, जहां 24 घंटे कैमरे की नजर और व्यक्तिगत तनातनी का माहौल रहता है, दर्शकों के लिए एक अलग ही अनुभव होगा।
नीतीश राजपूत का डिजिटल से मुख्यधारा मीडिया में सुर्खियां बटोरने का सफर हाल ही में कर्मचारी चयन आयोग परीक्षा प्रणाली पर बनाए गए उनके एक वीडियो के बाद और तेज हुआ था। इस वीडियो में उन्होंने परीक्षा प्रक्रियाओं और वेंडर चयन के तरीकों पर गंभीर सवाल उठाए थे।
मामले ने उस वक्त तूल पकड़ा जब परीक्षा कराने वाली कंपनी 'एड्यूक्विटी टेक्नोलॉजीज' ने नितीश राजपूत पर 2.5 करोड़ की मानहानि का केस दर्ज करा दिया। इसके बावजूद, नीतीश ने अपने कदम पीछे नहीं खींचे और सार्वजनिक दस्तावेजों व आरटीआई से मिली जानकारियों के दम पर अपने विश्लेषण पर कायम रहे। इस कानूनी विवाद ने उन्हें मुख्यधारा की चर्चाओं के केंद्र में ला दिया।
रिसर्च स्टूडियो से कैमरे के कड़े घेरे तक का सफर
अब तक दर्शकों ने नीतीश राजपूत को केवल एक शांत, गंभीर और फैक्ट-बेस्ड वीडियो बनाने वाले कंटेंट क्रिएटर के रूप में देखा है। लेकिन 'बिग बॉस' का घर एक ऐसा मंच है जहां किसी भी शख्सियत का वास्तविक व्यवहार, तनाव संभालने की क्षमता और व्यक्तिगत रिश्ते खुलकर सामने आते हैं।
फैंस यह देखने के लिए बेहद उत्साहित हैं कि एक शोध-आधारित यूट्यूबर बिग बॉस के घर में होने वाले हाई-वोल्टेज ड्रामे, रणनीतियों और रोजमर्रा के विवादों का सामना कैसे करता है।
'बिग बॉस 20' के साथ सुपरस्टार सलमान खान एक बार फिर होस्ट के रूप में वापसी कर रहे हैं। यह शो 6 सितंबर 2026 से ऑन-एयर होने के लिए पूरी तरह तैयार है। इस बार मेकर्स ने अलग-अलग क्षेत्रों से जुड़ी हस्तियों को एक छत के नीचे लाने का खाका तैयार किया है।
इस बार शो में नीतीश राजपूत, आरिशफा खान, कुशल तंवर (गुल्लू), खुशी दुबे, कनिका मान, आम्रपाली दुबे, ईशा रिक्खी, अमन गांधी, गीता बसरा, शोविक चक्रवर्ती, संटी शर्मा (रैपर), काजी तौकीर और मैरी कॉम (ओलंपिक पदक विजेता) नजर आ सकती हैं।

