• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , रविवार, 2 जनवरी 2011 (15:09 IST)

पूर्व लोकसभा अध्यक्ष भगत का निधन

बलिराम भगत
लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष बलि राम भगत का रविवार सुबह एक अस्पताल में निधन हो गया। उनका यहाँ किडनी और लिवर संबंधी बीमारियों का उपचार चल रहा था।

उनके एक सहायक ने बताया कि भगत ने अपोलो अस्पताल में सुबह ढाई बजे अंतिम साँस ली।

वरिष्ठ सांसद भगत पाँच जनवरी, 1976 को पाँचवीं लोकसभा के अध्यक्ष चुने गए। उस समय देश में आपातकाल लागू था। वह इस पद पर एक साल रहे।

सात अक्तूबर, 1922 को पटना के महांडी गंज इलाके में जन्मे भगत ने पटना कॉलेज से स्नातक की पढ़ाई की, इसके बाद उन्होंने पटना विश्वविद्यालय से अर्थशास्त्र में स्नातकोत्तर की डिग्री हासिल की।

वह 1993 में हिमाचल प्रदेश के और 1993 से 1998 तक राजस्थान के राज्यपाल रहे। राजीव गाँधी की सरकार के दौरान वह 1985-86 में कुछ समय के लिए विदेश मंत्री भी रहे।

कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी और राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने भगत के निधन पर शोक प्रकट किया है। (भाषा)