मंगलवार, 1 जुलाई 2025
  • Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By वार्ता

धोनी की बादशाहत बरकरार

वनडे रैंकिंग में भारत पाँचवे नंबर पर

महेन्द्रसिंह धोनी भारत वनडे रैंकिंग बादशाहत क्रिकेट
दुबई। भारतीय वनडे टीम के कप्तान महेंद्रसिंह धोनी लगातार दूसरे सप्ताह दुनिया के नंबर एक बल्लेबाज बने हुए हैं जबकि 'टीम इंडिया' को पाँचवी रैंकिंग मिली है।

अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट परिषद (आईसीसी) की तरफ से यहाँ जारी नई वनडे रैंकिंग में धोनी 103 अंकों के साथ शीर्ष पर बने हुए हैं जबकि ऑस्ट्रेलिया के माइक हसी दो स्थानों की छलांग के साथ दूसरी पायदान पर पहुँच गए हैं। चोटिल रिकी पोंटिंग (ऑस्ट्रेलिया) और ग्रीम स्मिथ (दक्षिण अफ्रीका) क्रमशः तीसरे और चौथे नंबर पर खिसक गए हैं।

भारतीय गेंदबाजों में खब्बू जहीर खान 14वें स्थान पर हैं। श्रीलंका के खिलाफ हालिया सिरीज में बेहतरीन गेंदबाजी करने वाले जहीर शीर्ष 20 गेंदबाजों की सूची में शामिल अकेले भारतीय खिलाड़ी हैं।

इस सप्ताह जारी रैंकिंग में इंगलैंड की स्थिति में बदलाव आया है और वह न्यूजीलैंड को पीछे छोड़ते हुए तीसरे नंबर की टीम बन गया है। दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ अंतिम वनडे के बारिश की भेंट चढ़ने की वजह से इंगलैंड के हाथ से नंबर-दो टीम बनने का मौका निकल गया। फिर भी इस सिरीज को 4-0 से जीतकर उसने खुद को तीसरे स्थान पर जरूर पहुँचा दिया।

भारतीय टीम ने गत सप्ताह श्रीलंका को 3-2 से हराया था, लेकिन इंगलैंड के पराक्रम की वजह से उसे पाँचवे स्थान पर पिछड़ना पड़ा था। इस सिरीज की शुरूआत के पहले भारत 112 अंकों के साथ चौथे स्थान पर था, लेकिन अब वह 113 अंकों के साथ पाँचवे नंबर पर मौजूद है।

ऑस्ट्रेलिया 130 अंकों के साथ अब भी निर्विवाद दुनिया की नंबर एक टीम बना हुआ है, जबकि दक्षिण अफ्रीका दूसरे स्थान पर है। ऑस्ट्रेलिया के नाथन ब्रैकन गेंदबाजों की सूची में नंबर एक पर कायम हैं जबकि न्यूजीलैंड के कप्तान डेनियल वेटोरी दूसरे स्थान पर हैं। ऑस्ट्रेलिया के ही मिशेल जानसन तीसरे स्थान पर पहुँच गए हैं। (वार्ता)