• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

द. अफ्रीका के सामने मुश्किल लक्ष्य

द. अफ्रीका के सामने मुश्किल लक्ष्य -
दक्षिण अफ्रीका ने 454 रन के रिकॉर्ड लक्ष्य का पीछा करते हुए ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ पहले टेस्ट क्रिकेट मैच के चौथे दिन रविवार को यहाँ दो विकेट पर 178 रन बनाकर पाँचवें दिन के खेल को रोमांचक अंत की तरफ मोड़ दिया।

पिछले साल दिसंबर में पर्थ में चौथी पारी में 414 रन बनाकर ऑस्ट्रेलिया को शिकस्त देने वाले दक्षिण अफ्रीका को लक्ष्य हासिल करने का नया रिकॉर्ड बनाने के लिए अब भी 276 रन की दरकार है। यह रिकॉर्ड वेस्टइंडीज के नाम पर है, जिसने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 2003 में सेंट जॉन्स में 418 रन का लक्ष्य सफलतापूर्वक हासिल किया था।

दक्षिण अफ्रीका ने ऑस्ट्रेलिया को दूसरी पारी में केवल 207 रन पर समेटने के बाद सजग शुरुआत की। कप्तान ग्रीम स्मिथ (69) और नील मैकेंजी (35) ने शुरू में किसी तरह का जोखिम नहीं उठाया और पहले विकेट के लिए 76 रन की साझेदारी की। चौथे दिन का खेल समाप्त होने के समय हाशिम अमला 43 और जैक कैलिस 26 रन पर खेल रहे थे।

ऑस्ट्रेलिया को दोनों सफलताएँ अंतिम सत्र में मिली। मैकेंजी आउट होने वाले पहले बल्लेबाज थे जिन्होंने मिशेल जानसन की गेंद पर विकेटकीपर ब्राड हैडिन को कैच दिया, जबकि स्मिथ ने बेन हिल्फेनहास की नीची रहती गेंद पर पुल करने के प्रयास में मिड आन पर जॉनसन को हवा में लहराता हुआ कैच थमाया।

ऑस्ट्रेलिया यदि दूसरी पारी में 200 रन का स्कोर पार कर पाया तो इसका श्रेय उसके पुछल्ले बल्लेबाजों को जाता है। उसका स्कोर एक समय आठ विकेट 147 रन था, लेकिन अंतिम दो विकेट ने 50 रन जोड़कर दक्षिण अफ्रीका को रिकॉर्ड लक्ष्य पार करने की चुनौती दी।

अपना पहला मैच खेल रहे फिल ह्यूज ने ऑस्ट्रेलिया की तरफ से सर्वाधिक 75 रन बनाए। उन्हें दो बार नाबाद करार दिया गया, जबकि दोनों अवसरों पर गेंद उनके दस्ताने से लगकर विकेटकीपर मार्क बाउचर के पास पहुँची थी। दक्षिण अफ्रीका ने हालाँकि तब रेफरल की मदद नहीं ली।

ऑस्ट्रेलिया का स्कोर एक समय एक विकेट पर 99 रन था, लेकिन उसने चार गेंद के अंदर तीन विकेट गँवा दिए। अन्य चार विकेट 48 रन के अंदर गिरे जिसके बाद ब्रैड हैडिन (37) और पीटर सिडल (नाबाद 22) ने कुल बढ़त 400 के पार पहुँचाई। हैडिन को लंच से कुछ देर पहले मखाया एनटीनी ने बाउचर के हाथों कैच कराया।

इसके बाद बेन हिल्फेनहास (16) ने दक्षिण अफ्रीकी गेंदबाजों की परेशानी बढ़ाई तथा सिडल के साथ अंतिम विकेट के लिए 33 रन की भागीदारी की। डेल स्टेन ने हिल्फेनहास को बोल्ड करके पारी का अपना पहला विकेट भी लिया।

दक्षिण अफ्रीका की तरफ से जैक्स कैलिस ने 22 रन देकर और एनटीनी ने 52 रन देकर तीन-तीन विकेट लिए। कैलिस ने रिकी पोंटिंग और माइकल हसी को लगातार गेंद पर आउट करके ऑस्ट्रेलियाई पारी के पतन की शुरुआत की।

इसके दो गेंद बाद उन्होंने स्पिनर पॉल हैरिस की गेंद पर माइकल क्लार्क का एक हाथ से कैच लिया। ह्यूज को आखिर में हैरिस ने आउट किया। उन्होंने 121 गेंद खेली तथा 11 चौके और एक छक्का लगाया।