• Webdunia Deals
  1. खेल-संसार
  2. »
  3. क्रिकेट
  4. »
  5. समाचार
Written By भाषा

महेंद्रसिंह धोनी दोहरे पुरस्कार के दावेदार

सचिन और युवराज भी दौड़ में

धोनी दोहरे पुरस्कार दावेदार एलजी आईसीसी पुरस्कार
भारत के एकदिवसीय कप्तान महेंद्रसिंह धोनी को पिछले एक साल में क्रिकेटर और कप्तान के रूप में उनके शानदार प्रदर्शन के कारण क्रिकेट के ऑस्कर कहे जाने वाले एलजी आईसीसी पुरस्कारों में दो वर्गों में नामित किया गया है।

धोनी भारत के उन चार भारतीय खिलाड़ियों में शामिल हैं, जो दस सितंबर को दुबई में दिए जाने वाले पुरस्कारों की दौड़ में शामिल हैं। इस विकेटकीपर बल्लेबाज को वर्ष का एकदिवसीय खिलाड़ी तथा पहली बार शुरू किए गए ट्वेंटी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर के लिए नामित किया गया है।

आईसीसी के मुख्य कार्यकारी हारून लोर्गट ने यहाँ जिन आठ व्यक्तिगत और तीन टीम पुरस्कारों में से एक के लिए नामांकन घोषित किए, उनमें भारतीय स्टार सचिन तेंडुलकर 'एकदिवसीय', युवराजसिंह 'ट्वेंटी-20' और ईशांत शर्मा 'वर्ष के उदीयमान खिलाड़ी' पुरस्कार की दौड़ में शामिल हैं।

भारत का कोई भी खिलाड़ी 'वर्ष का क्रिकेटर' और 'वर्ष का टेस्ट क्रिकेटर' जैसे प्रतिष्ठित पुरस्कारों का दावेदार नहीं है। वेस्टइंडीज के शिवनारायण चंद्रपाल श्रीलंकाई कप्तान महेला जयवर्धने तथा दक्षिण अफ्रीका के ग्रीम स्मिथ और डेल स्टेन को वर्ष का क्रिकेटर के सबसे प्रतिष्ठित पुरस्कार के लिए नामांकित किया गया है। इस पुरस्कार के विजेता को सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी दी जाएगी।

भारत ने धोनी की कप्तानी में ही दक्षिण अफ्रीका में पिछले साल पहला ट्वेंटी-20 विश्व कप जीता था। यही नहीं, उनकी कप्तानी में भारत ने ऑस्ट्रेलिया में त्रिकोणीय एकदिवसीय श्रृंखला जीती।

धोनी को दोनों वर्गों में पुरस्कार का प्रबल दावेदार माना जा रहा है और दोनों ही वर्गों में उन्हें भारतीय चुनौती का कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ रहा है। वर्ष का एकदिवसीय खिलाड़ी धोनी और तेंडुलकर के अलावा ऑस्ट्रेलियाई नाथन ब्रैकन और पाकिस्तानी मोहम्मद यूसुफ भी नामित हैं।

ट्वेंटी-20 में धोनी को इंग्लैंड के स्टुअर्ट ब्रॉड के एक ओवर में छह छक्के जड़ने वाले युवराज के अलावा वेस्टइंडीज के क्रिस गेल और ऑस्ट्रेलियाई ब्रेट ली से चुनौती मिलेगी। गेल ने ट्वेंटी-20 विश्व कप के पहले मैच में ही 57 गेंद पर 117 रन ठोके थे जबकि ली ने बांग्लादेश के खिलाफ केपटाउन में हैट्रिक बनाई थी।

ईशांत शर्मा को 'इमर्जिंग प्लेयर ऑफ ईयर' में श्रीलंका के रहस्यमयी स्पिनर अजंता मेंडिस की कड़ी चुनौती का सामना करना पड़ेगा, जिन्होंने एशिया कप के अलावा भारत के हाल की श्रृंखला में बेहतरीन प्रदर्शन किया था। इस वर्ग में ब्रॉड और दक्षिण अफ्रीकी ऑलराउंडर मोर्ने मोर्कल भी नामित हैं।

इस बार के पुरस्कारों में ऑस्ट्रेलियाई दबदबा नहीं दिखेगा क्योंकि पुरुष वर्ग में उसकी तरफ से केवल ली और ब्रैकन ही दौड़ में जबकि वर्ष की महिला खिलाड़ी में लिसा स्टाथलेकर का दावा जरूर मजबूत माना जा रहा है।

जहाँ तक वर्ष के क्रिकेटर का सवाल है तो पिछले दो साल से यह पुरस्कार रिकी पोंटिंग झटक रहे थे, लेकिन इस बार ऑस्ट्रेलियाई कप्तान किसी पुरस्कार की दौड़ में शामिल नहीं हैं। ऑस्ट्रेलियाई अंपायर साइमन टफेल जरूर लगातार पाँचवीं बार वर्ष का अंपायर पुरस्कार की दौड़ में आगे बने हुए हैं।

पोंटिंग से पहले राहुल द्रविड़ (2004) तथा एंड्रयू फ्लिंटॉफ और जैक्स कैलिस (संयुक्त विजेता 2005) को वर्ष का क्रिकेटर चुना गया था, जिसका मतलब है कि चंद्रपाल जयवर्धने स्मिथ और स्टेन में से कोई एक पहली बार सर गारफील्ड सोबर्स ट्रॉफी हासिल करेगा।

दिलचस्प तथ्य यह है कि इस बार स्प्रिट आफ क्रिकेट के लिए किसी चोटी की टीम को नामित नहीं किया गया है। इस वर्ग में बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, श्रीलंका और वेस्टइंडीज पुरस्कार की दौड़ में हैं। टीम पुरस्कारों में वर्ष की टेस्ट और एकदिवसीय टीम का पुरस्कार भी शामिल हैं।

वेस्टइंडीज के पूर्व कप्तान और वर्तमान में आईसीसी क्रिकेट समिति के अध्यक्ष क्लाइव लॉयड की अध्यक्षता वाले पाँच सदस्यीय चयन पैनल ने खिलाड़ियों की सूची तैयार की जिसे बाद में 25 सदस्यीय पैनल के मतों से अंतिम रूप दिया गया। इसमें पूर्व खिलाड़ी, मीडिया के सदस्य, एक इलीट अंपायर और इलीट मैच रेफरी शामिल था।

लायड के अलावा पाँच सदस्यीय पैनल में दक्षिण अफ्रीकी शान पोलाक बांग्लादेश के अतहर अली खान पूर्व ऑस्ट्रेलियाई कप्तान ग्रेग चैपल और पूर्व श्रीलंकाई बल्लेबाज सिद्धथ वेट्टिमनी थे। वर्ष की महिला क्रिकेटर के लिए 16 सदस्यीय वोटिंग अकादमी के मतों के आधार संभावित सूची तैयार की गई। अकादमी में पूर्व खिलाड़ी और महिला क्रिकेट के विशेषज्ञ शामिल थे।

आईसीसी पुरस्कारों का यह पाँचवाँ साल है और पहली बार यह दुबई में वितरित किए जाएँगे। इससे पहले 2004 में लंदन, 2005 में सिडनी, 2006 में मुंबई और 2007 में जोहान्सबर्ग में पुरस्कार दिए गए थे।

इस बार एलजी आईसीसी पुरस्कारों की दौड़ में शामिल खिलाड़ी इस प्रकार हैं। इन पुरस्कारों के लिए खिलाड़ियों का नामांकन नौ अगस्त 2007 से 12 अगस्त 2008 तक प्रदर्शन के आधार पर किया गया है।

वर्ष का क्रिकेटर....शिवनारायण चंद्रपाल, महेला जयवर्धने, ग्रीम स्मिथ, डेल स्टेन
वर्ष का टेस्ट खिलाड़ी....चंद्रपाल, महेला जयवर्धने, जैक्स कैलिस, डेल स्टेन
वर्ष का एकदिवसीय खिलाड़ी....नाथन ब्रैकन, महेंद्रसिंह धोनी, सचिन तेंडुलकर, मोहम्मद यूसुफ
वर्ष का उदीयमान खिलाड़ी (इमर्जिंग प्लेयर)....स्टुअर्ट ब्रॉड, अजंता मेंडिस, मोर्ने मोर्कल, ईशांत शर्मा
वर्ष का ट्वेंटी-20 क्रिकेटर....क्रिस गेल, महेंद्रसिंह धोनी, ब्रेट ली, युवराजसिंह
वर्ष की महिला क्रिकेटर....निकोल ब्राउन, चार्लोट एडवर्ड्स, क्लेरी टेलर, लिसा स्टालेकर
वर्ष का एसोसिएट खिलाड़ी....रियान टेन दोएस्त, अलेक्स ओबांडा, थामस ओडोया, नियल ओ ब्रायन
वर्ष का अंपायर....मार्क बेनसन, अलीम डार, स्टीव डेविस, रूडी कर्टजन, साइमन टफेल।
स्प्रिट ऑफ क्रिकेट....बांग्लादेश, न्यूजीलैंड, श्रीलंका, वेस्टइंडीज