अमिताभ बच्चन और सैफ अली खान का क्या है रिश्ता? KBC 18 में बिग बी ने खोला राज
बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन का लोकप्रिय क्विज शो 'कौन बनेगा करोड़पति 18' इन दिनों टीवी और ओटीटी पर धमाल मचा रहा है। शो के हालिया एपिसोड में एक ऐसा पल आया, जिसने सेट पर मौजूद मेहमानों के साथ-साथ दर्शकों को भी चौंका दिया।
अपनी आने वाली फिल्म 'हैवान' के प्रमोशन के सिलसिले में पहुंचे बॉलीवुड स्टार अक्षय कुमार और सैफ अली खान का सामना जब बिग बी से हुआ, तो अमिताभ बच्चन ने सैफ अली खान को लेकर एक बड़ा पारिवारिक खुलासा कर दिया।
सोनी टीवी द्वारा जारी किए गए नए प्रोमो में बिग बी ने सैफ की तरफ इशारा करते हुए मुस्कुराते हुए कहा, 'बहुत लोग नहीं जानते, ये हमारे रिश्ते में हैं।' यह सुनकर सैफ अली खान पूरी तरह हैरान रह गए और उनके मुंह से बस यही निकला— "मैं?"
कपूर, नंदा और बच्चन परिवार का अनोखा कनेक्शन
अमिताभ बच्चन ने इसके बाद पूरे रिश्ते का गणित समझाते हुए बताया कि बच्चन परिवार और कपूर-पटौदी परिवार आखिर एक-दूसरे से कैसे जुड़े हैं। बिग बी ने कहा, 'राज कपूर जी की बेटी, रितु जी के बेटे निखिल नंदा का विवाह मेरी बेटी (श्वेता नंदा) से हुआ। तो अब मैं जानना चाहता हूं कि करीना को मैं क्या बुलाऊं? करीना मुझे क्या कहेंगी?"
इस उलझे हुए लेकिन दिलचस्प रिश्ते को समझने के लिए पारिवारिक कड़ी इस प्रकार है। राज कपूर की बेटी रितु नंदा के बेटे निखिल नंदा की शादी अमिताभ बच्चन की बेटी श्वेता बच्चन से हुई है। रितु नंदा, रणधीर कपूर की बहन थीं और इस नाते वे करीना कपूर खान की सगी बुआ हुईं।
यानी निखिल नंदा और करीना कपूर खान आपस में ममेरे-फुफेरे भाई-बहन हैं। चूंकि करीना ने 2012 में सैफ अली खान से शादी की, इसलिए शादी के इस लंबे नेटवर्क के जरिए अमिताभ बच्चन, करीना कपूर और सैफ अली खान आपस में रिश्तेदार बन जाते हैं।
इस पहेली नुमा रिश्ते को सुनकर सैफ अली खान ने अपने खास नवाबी और मजाकिया अंदाज में जवाब दिया, "भगवान का शुक्र है कि यह कोई सवाल नहीं था!" सैफ के इस हाजिरजवाबी जवाब पर अक्षय कुमार और अमिताभ बच्चन ठहाके लगाकर हंस पड़े।
फिल्म 'हैवान' के जरिए अक्षय कुमार और सैफ अली खान लगभग दो दशकों (18 साल) के लंबे अंतराल के बाद एक साथ बड़े पर्दे पर वापसी कर रहे हैं। इससे पहले दोनों कलाकारों को साल 2008 में आई फिल्म 'टशन' में एक साथ देखा गया था। प्रियदर्शन के निर्देशन में बनी यह फिल्म एक थ्रिलर-सस्पेंस ड्रामा है। यह फिल्म 11 सितंबर को सिनेमाघरों में रिलीज होने के लिए पूरी तरह तैयार है।

