• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: लंदन , रविवार, 25 मार्च 2012 (10:33 IST)

महारानी एलिजाबेथ बनीं वेडिंग क्रैशर, खुश हुआ नवविवाहित जोड़ा

महारानी एलिजाबेथ
ब्रिटेन की महारानी एलिजाबेथ द्वितीय वेडिंग क्रैशर बन गईं। शुक्रवार को महारानी ने उत्तरी इंग्लैंड के मैनचेस्टर टाउन हॉल में एकाएक जॉन और फ्रांसेस कैनिंग का विवाह होने के कुछ ही क्षणों बाद पहुंच उनका दिल जीत लिया।

नवविवाहित जोड़े ने कहा कि महारानी ने उन दोनों से बात की और उनके साथ तस्वीरें खिंचवायीं। महारानी और उनके पति प्रिंस फिलिप टाउन हॉल में दोपहर के खाने के लिए उसी समय पहुंचे जब यह शादी हो गई थी।

दुल्हन फ्रांसेस कैनिंग ने द सन अखबार को बताया कि यह बहुत विशेष था। महारानी ने उनके लिए समय निकाला और उनसे बात की।

48 वर्षीय दुल्हे जॉन को पहले से पता था कि महारानी टाउन हॉल आएंगी और इसलिए उसने बकिंघम पैलेस को एक पत्र लिखकर महारानी को आमंत्रित किया था। लेकिन उसे विनम्रतापूर्वक मना कर दिया गया था। लेकिन महल के अधिकारियों ने गुप्त रूप से इस कार्यक्रम की व्यवस्था कर दी।

महारानी अपनी हीरक जयंती यात्रा के तहत मैनचेस्टर में कई स्थलों की यात्रा कर रही हैं। 1952 में महारानी ने राजगद्दी संभाली थी, उनके महारानी बनने के छह दशक पूरे होने पर यह यात्रा की जा रही है। (भाषा)