• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. अंतरराष्ट्रीय
Written By भाषा

30 करोड़ पौंड में बिका मैक्डोनाल्ड हाउस

मैक्डोनाल्ड हाउस
लंदन-मुंबई। मुंबई के लोढ़ा डेवलपर्स ने 30 करोड़ पौंड (3000 करोड़ रुपए से अधिक) में मध्य लंदन स्थित मैक्डोनाल्ड हाउस खरीदने की घोषणा की है। इसमें कनाडा उच्चायोग का दफ्तर है।

लोढ़ा ने एक बयान में कहा लोढ़ा समूह ने कनाडा सरकार से 30 करोड़ पौंड में मैक्डोनाल्ड हाउस खरीदा है। इस अधिग्रहण के जरिए लोढ़ा समूह ने ब्रिटेन के रीयल एस्टेट बाजार में प्रवेश किया। पिछले साल भर में यह लोढ़ा समूह की संपत्तियों की तीसरी प्रमुख खरीद है।

कंपनी ने इससे पहले भारत की सबसे बड़ी रीयल्टी कंपनी डीएलएफ से 2,727 करोड़ रपए में मुंबई में 17 एकड़ जमीन खरीदी। लोढ़ा समूह ने मुंबई में ही अल्टामाउंट रोड पर अमेरिकी सरकार से 375 करोड़ रुपए में वॉशिंगटन हाउस भवन खरीदा।

ब्रिटेन में कनाडा के उच्चायुक्त गार्डन कैंपबेल ने पिछली रात इस खबर की पुष्टि की और कहा हम इस संपत्ति में रुचि दिखाने के लिए लोढ़ा समूह का धन्यवाद करते हैं।

लोढ़ा समूह के प्रबंध निदेशक अभिषेक लोढ़ा ने कहा लंदन के गार्डन स्क्वैयर के नजदीक स्थित इस संपत्ति को खरीदना कंपनी के लिए बेहतर अवसर रहा है। संपत्ति का सौदा पूरा होने के बाद लोढ़ा समूह के प्रबंध निदेशक अभिनंदन लोढ़ा ने कहा कि कंपनी मुंबई और लंदन दो प्रमुख बाजारों पर अपना ध्यान केन्द्रित कर रही है।

मैक्डोनाल्ड हाउस को यदि आवास उपयोग के लिए परिवर्तित किया जाता है तो इसका दाम 45 करोड़ पौंड होगा। लोढ़ा समूह भारत में रीएल एस्टेट क्षेत्र की प्रमुख कंपनी है जिसकी शुद्ध बिक्री 2012-13 में 8,700 करोड़ रुपए रही है। कंपनी मुंबई, पुणे और हैदराबाद में 20 परियोजनाओं के तहत साढ़े तीन करोड़ वर्गफुट क्षेत्र को विकसित कर रही है। (भाषा)