• Webdunia Deals
  1. मनोरंजन
  2. »
  3. बॉलीवुड
  4. »
  5. मिर्च-मसाला
Written By WD

गोविंद निहलानी बनाएंगे ‘अर्ध सत्य 2’

गोविंद निहलानी बनाएंगे ‘अर्ध सत्य 2’ -
मशहूर फिल्मकार गोविंद निहलानी लगभग तीन दशक बाद 1983 में आई अपनी हिट फिल्म ‘ अर्धसत्य’ का दूसरा भाग बनाने के लिए तैयार हैं।

इस फिल्म में ओमपुरी, अमरीश पुरी, स्मिता पाटिल, नसीरूद्दीन शाह और सदाशिव अमरापुरकर मुख्य किरदारों में थे। यह फिल्म एक पुलिस वाले की कहानी थी, जो अपने आसपास मौजूद बुराइयों और अपनी कमजोरियों से संघर्ष करता है। इस पुलिस वाले का किरदार ओमपुरी ने निभाया था।

निहलानी ने बताया,‘हम ‘अर्धसत्य’ के दूसरे भाग पर काम कर रहे हैं। इस फिल्म की स्क्रिप्ट पर काम अगस्त तक पूरा हो जाएगा।

निर्माता मनमोहन शेट्टी इस फिल्म का सीक्वल बनाने के लिए काफी उत्सुक रहे हैं। अब हमने इसे बनाने का फैसला कर ही लिया है।’

निहलानी ने बताया कि ‘यह कहानी अपनी मूल कहानी को ही आगे बढ़ाएगी। उसमें पुलिसकर्मी (ओमपुरी) सलाखों के पीछे पहुंच गया था। अब हम उसके आगे की कहानी दिखाएंगे कि जब वह रामा शेट्टी नाम के गुंडे की हत्या के जुर्म में सजा काटकर जेल से बाहर आता है तो क्या होता है।’

‘अर्धसत्य’ की गिनती पुलिस पर बनी सर्वश्रेष्ठ भारतीय फिल्मों में होती है। इस फिल्म को कई पुरस्कार मिल चुके हैं और यह सिनेमा के इतिहास में एक खास मुकाम रखती है।

71 वर्षीय निहलानी ने बताया कि वे अभी भी फिल्म की कहानी पर काम कर रहे हैं। पुलिस पर बनी ड्रामा फिल्मों दबंग और सिंघम ने बॉक्स ऑफिस पर कमाल दिखाया था। ऐसे में इस फिल्म का सीक्वल बनाने का यह सही समय है।