• Webdunia Deals
  1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. युवा
  4. »
  5. खास सेलिब्रिटी
Written By ND

स्वरा भास्कर : स्वरा के सुर

स्वरा भास्कर : स्वरा के सुर -
ND
कुछ अभिनेत्रियाँ इतनी सामान्य दिखती हैं कि लोग अक्सर उनके बेहतरीन अभिनय का नोटिस नहीं लेते। इस तरह की अभिनेत्रियाँ यह तर्क देती हैं और उनके तर्क में दम होता है कि बॉलीवुड लुक ऑब्सेस्ड है। तमाम बड़े निर्माता-निर्देशक उन अभिनेत्रियों को ज्यादा फिल्में और रोल ऑफर करते हैं, जो दिखने में सुंदर होती हैं, लेकिन अभिनय में जीरो होती हैं। लेकिन स्वरा के सुर अलग हैं।

कोंकणा सेन शर्मा एक ऐसी अभिनेत्री हैं, जिनका लुक उतना अच्छा नहीं, लेकिन वे एक्ट्रेस कमाल की हैं। उन्हीं की परंपरा की एक अभिनेत्री हैं स्वरा भास्कर। उनकी अब तक दो फिल्में रिलीज हुई हैं। एक माधोलाल कीप वॉकिंग। यह फिल्म अच्छी थी। इसमें स्वरा का रोल भी अच्छा था, लेकिन चल नहीं पाई। दूसरी फिल्म चली भी और स्वरा का नोटिस भी लिया गया। यह फिल्म थी तनु वेड्‌स मनु।

इसमें स्वरा ने अपने अभिनय के सुर और स्वर से कमाल का काम किया है। इसमें स्वरा ने कंगना रानावत की बिहारी सहेली पायल का रोल किया था। उन्होंने बिहारी लहजे में इस रोल को इतनी बखूबी निभाया कि दर्शकों ने उसका अच्छा नोटिस लिया। इसमें स्वरा ने संपूर्ण अभिनय किया यानी अपने आंगिक अभिनय के साथ ही उन्होंने जिस तरह से संवादों में छिपे आवेगों, तनावों के साथ ही खुशी और दुःख के भावों को अपने अभिनय कौशल से इस तरह अभिव्यक्त किया कि संवाद जीवंत होकर दर्शकों को छू गए। इन दिनों वे एक एड फिल्म में दिखाई दे रही हैं।

तीस सेकंड के इस एड में भी उन्होंने कमाल का अभिनय किया है। नए साल में उन्हें बॉलीवुड से बहुत उम्मीदें हैं और दर्शक उम्मीद कर रहे हैं कि उन्हें अच्छी फिल्मों में अच्छे रोल मिलें, क्योंकि उनके अभिनय के सुर और स्वर दूसरों से बहुत अलग और बेहतर हैं।