1. मनोरंजन
  2. »
  3. टीवी
  4. »
  5. समाचार

अक्षय ने ली अनु की खबर

अक्षय कुमार

अनु मलिक जिस शो का हिस्सा बनते हैं, प्रतियोगियों की खूब खबर लेते हैं। उन्हें गलतियों पर जमकर डांटते हैं। यही अनु मलिक, अक्षय कुमार के सामने भीगी बिल्ली बन गए जब अक्की, जॉन अब्राहम के साथ ‘स्टार या रॉकस्टार’ में हिस्सा लेने के लिए आए।

PR


अनु मलिक इस शो में जज हैं। अक्षय ने सभी प्रतियोगियों के गाने सुने, लेकिन उनके निशाने पर अनु थे। उन्होंने अनु पर ऐसे कमेंट किए कि सभी पेट पकड़ कर हंसने लगे। चूंकि अक्षय के अनु पुराने दोस्त हैं इसलिए उन्होंने अक्षय की बातों का जरा भी बुरा नहीं माना।

अक्षय सुबह जल्दी उठ जाते हैं लिहाजा उन्होंने चैनल वालों से कहा की शूटिंग सुबह सात बजे शुरू की जाए। उनकी बात मान ली गई। सेट पर पहुंचते ही अक्षय ने सभी से माफी मांगी क्योंकि उनकी वजह से सभी को जल्दी उठना पड़ा।

अक्षय ने कहा मैं अनु मलिक से विशेष रूप से माफी मांगना चाहता हूं क्योंकि उन्हें बहुत सारा मेकअप करने के लिए सुबह चार बजे उठना पड़ा होगा। अचानक अक्षय द्वारा किए गए इस कमेंट के लिए अनु तैयार नहीं थे। उन्हें समझ में नहीं आया कि वह क्या कहें या करें।

शूटिंग शुरू हुई। मानसी पारेख ने बेहद उम्दा गाना गाए। अनु को यह पसंद आया और उन्होंने अपनी आदत के मुताबिक अपनी ट्रेडमार्क शायरी मानसी के लिए कही। चूंकि मानसी गुजराती हैं इसलिए अनु ने कहा ‘- तू मेरा है मेरा ढोकला, तू है मेरा फाफड़ा, तू तो पूरी गुजराती थाली है, इतने शानदार परफॉर्मेंस के बाद तेरे लिए मेरी ताली है।‘

जब अनु अपनी शायरी सुना रहे थे तब अक्षय चेहरे पर ऐसे भाव ला रहे थे कि देखने वाले हंस रहे थे और बेचारे अनु समझ रहे थे कि लोग उनकी शायरी का मजा ले रहे हैं।

एपिसोड के आखिर में अनु ने अक्षय के लिए एक गाना गाया जो उन्होंने अक्षय के लिए फिल्म ‘आरजू’ के लिए कंपोज किया था। गाना खत्म करने के बाद अनु को लगा कि अब अक्षय उनके बारे में चंद अच्छे शब्द कहेंगे, लेकिन अक्की तो कुछ और ही मूड में थे।

शरारती खिलाड़ी ने चुटकी लेते हुए कहा ‘शुक्रिया अनु, लेकिन मैं थोड़ा कन्फ्यूज हूं कि आपने मेरे लिए रोमांटिक गाना क्यों गाया? साथ ही आप गाते वक्त मेरे पैर पर हाथ रखे हुए थे, कहीं इसका मतलब कुछ और तो नहीं?’ अक्षय के इस जोक पर अनु हंस तो पड़े, लेकिन उनकी खिसियाहट छिप नहीं रही थी।

स्टार या रॉकस्टार का यह मस्ती भरा एपिसोड 19 नवंबर को रात 8.30 पर जी टीवी पर देखा जा सकता है।
लेखक के बारे में
समय ताम्रकर
समय ताम्रकर फिल्म समीक्षक हैं, जो फिल्म, कलाकार, निर्देशक, बॉक्स ऑफिस और फिल्मों से जुड़े पहलुओं पर गहन विश्लेषणात्मक लेख लिखते हैं।.... और पढ़ें