1. मनोरंजन
  2. »
  3. टीवी
  4. »
  5. आलेख
Written By ND

जानखिलावन जासूस : जासूसी कॉमेडी शो

जानखिलावन जासूस
टीवी की दुनिया में कॉमेडी शो के लिए चर्चित हुए चैनल सब-टीवी का नया सीरियल है "जानखिलावन जासूस" जो एक जासूसी कॉमेडी शो है। रोमांच, रहस्य और हास्य के मेल को दिखाती यह अनूठी नई श्रृंखला तीन किरदारों से बनी द प्राइवेट आई इन्वेस्टिगेशन टीम के इर्दगिर्द घूमती है।

इसका नायक जेजे नाम से जाना जाने वाला चीफ डिटेक्टिव जानखिलावन जासूस है। इसे इसकी खूबसूरत असिस्टेंट मोनालिसा और इसके मार्शल आर्ट एक्सपर्ट चिंग फंग ली का सहयोग मिलता है। यह तिकड़ी हमेशा जल्दबाजी में ही रहती है और मामले को सुलझाने के चक्कर में कई मुसीबतों से गुजरती है।

इस शो में दिखाए जाने वाले मामलों में प्रमुख रूप से डकैती, चोरी, अपहरण और सामान्य जालसाजियों की घटनाएँ होंगी और इसका हर एपिसोड का अंत खुशनुमा होगा। कॉमेडी से भरपूर गतिविधियों और विविधतापूर्ण हास्य हरकतों वाला जानखिलावन जासूस अपनी चुटीली कहावतों से और आम आपराधिक जाँचों में अपने अजीबो गरीब तौर-तरीकों से दर्शकों को खूब गुदगुदाएगा।

जानखिलावन जासूस उर्फ जेजे प्राइवेट डिटेक्टिव है। हालाँकि, वह ऊटपटांग किस्म का जासूस है, लेकिन वह खुद को बहुत गंभीर और पेशेवर जासूस मानता है। जेजे ने खुद कभी कोई मामला नहीं सुलझाया। सौभाग्यवश उसका लेडी-लक सदैव उसके साथ रहता है। वह हमेशा किस्मत या इत्तफाक से ही मामले सुलझाता है।

जाँच-पड़ताल के सिद्धांतों से परिचित होने के बावजूद उसने कभी इनका व्यावहारिक उपयोग नहीं किया। वह इतिहास का छात्र रहा है फिर भी वह हमेशा नामों और तिथियों में उलझा रहता है। इस सीरियल का प्रसारण सब-टीवी पर प्रत्येक शुक्रवार रात 9 बजे होगा।
लेखक के बारे में
ND