1. मनोरंजन
  2. बॉलीवुड
  3. बॉलीवुड न्यूज़
  4. prabhas fauzi first look poster out film release on 3 december 2026

'फौजी' से प्रभास का खतरनाक लुक आया सामने, इस दिन सिनेमाघरों में धमाका करेगी फिल्म

Prabhas
पैन-इंडिया सुपरस्टार प्रभास के फैंस के लिए एक बेहद रोमांचक खबर सामने आई है। प्रभास की मोस्ट अवेटेड फिल्म 'फौजी' की रिलीज डेट का आधिकारिक ऐलान हो गया है। फिल्म के मेकर्स और निर्देशक हनु राघवपुडी ने सोशल मीडिया पर एक बेहद दमदार और रोंगटे खड़े कर देने वाला पोस्टर साझा करते हुए रिलीज डेट से पर्दा उठाया है। 
 
पोस्टर में प्रभास एक बेहद आक्रामक और प्रभावशाली लुक में दिख रहे हैं। प्रभास खून से सरोबर एक हाथ में बंदूक थामे, शवों के बीच एक चट्टान पर बैठे नजर आ रहे हैं। फिल्म की टैगलाइन है— "एक बटालियन जो अकेले लड़ती है।" 
 
इस पोस्टर को शेयर करते हुए निर्देशक हनु राघवपुडी ने लिखा, 3 दिसंबर 2026 को फौजी का मार्च शुरू होगा। एक ऐसी कहानी के गवाह बनने के लिए तैयार हो जाइए जो सिर्फ बड़े पर्दे पर ही नहीं दिखेगी, बल्कि उन सभी के दिलों में हमेशा जीवित रहेगी जो साहस, सम्मान और स्वतंत्रता में विश्वास रखते हैं। 
 
फिल्म के मेकर्स 'मैत्री मूवी मेकर्स' ने भी इस बड़ी घोषणा को साझा करते हुए लिखा, "अज्ञातपर्व समाप्त। विद्रोह की शुरुआत। 3 दिसंबर 2026 को वैश्विक स्तर पर फौजी की ग्रैंड रिलीज।"
भगवद् गीता से प्रेरित देशभक्ति ड्रामा
फिल्म की शुरुआती घोषणाओं और इसके टाइटल्स में संस्कृत श्लोकों के इस्तेमाल के कारण फैंस के बीच यह कयास लगाए जा रहे थे कि यह एक पौराणिक फिल्म हो सकती है। हालांकि, निर्देशक हनु राघवपुडी ने इन अफवाहों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया कि यह कोई पौराणिक फिल्म नहीं है। 
 
उन्होंने कहा, हमने जानबूझकर संस्कृत श्लोकों का उपयोग किया क्योंकि वे हमारी योद्धा कहानी में गहराई और गंभीरता जोड़ते हैं। हालांकि, यह फिल्म कोई माइथोलॉजिकल फिल्म नहीं है। हमने केवल भगवद् गीता से दार्शनिक प्रेरणा ली है। 'फौजी' एक शक्तिशाली देशभक्ति से प्रेरित ड्रामा है जो ब्रिटिश काल के दौरान मानवीय भावनाओं और सामाजिक-राजनीतिक तनावों को दर्शाता है, जिनमें से कई मुद्दे आज भी वैश्विक स्तर पर प्रासंगिक हैं।
 
'सीता रामम' जैसी विजुअली शानदार फिल्में देने वाले हनु राघवपुडी इस बार 'फौजी' को एक बहुत बड़े पैमाने पर ला रहे हैं। प्रभास इस फिल्म में एक ऐसे जांबाज सैनिक की भूमिका में हैं जो कर्तव्य, भावनाओं और विचारधारा के बीच फंसा हुआ है। उनके साथ फिल्म में इमानवी, मिथुन चक्रवर्ती, अनुपम खेर, जया प्रदा और भानु चंदर जैसे अनुभवी कलाकार दिखेंगे। 'फौजी' 3 दिसंबर 2026 को दुनियाभर में बड़े पैमाने पर रिलीज होगी। 
लेखक के बारे में
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम
वेबदुनिया एंटरटेनमेंट टीम बॉलीवुड, टेलीविजन और डिजिटल मीडिया की ताजातरीन खबरों पर नज़र रखती है। यह टीम सिनेमा से जुड़ी हर छोटी-बड़ी जानकारी को अपने पाठकों तक पहुंचाती है, चाहे वो फिल्मों की समीक्षा, सेलिब्रिटी इंटरव्यू, विश्लेषण, फोटो फीचर हो या फिर ट्रेंडिंग इवेंट्स। टीम का उद्देश्य पाठकों को मनोरंजन.... और पढ़ें
अगला लेख
सीक्विन लहंगे में वाणी कपूर का स्टनिंग अवतार, तस्वीरें देख फैंस हुए दीवाने