छोटे परदे के महँगे धारावाहिक
-
चंद्रकांत शिंदेबॉलीवुड में भव्य और महँगी फिल्में समय-समय पर बनती रहती हैं। 'मुगले आजम' से लेकर जल्द ही प्रदर्शित होने वाली फिल्म 'काइट्स' तक सैकड़ों बड़ी बजट वाली फिल्में आई हैं। लेकिन छोटा परदा कभी सोच भी नहीं सकता था कि उसके लिए बनाए जाने वाले धारावाहिकों के लिए भी करोड़ों रुपए खर्च किए जा सकते हैं पर अब छोटे परदे ने भी अपना रूप बदल दिया है। पिछले कुछ समय से छोटे परदे के लिए भी 15 करोड़ से लेकर 25-30 करोड़ तक के महँगे धारावाहिक बनाए जाने लगे हैं। अब एक ऐसा धारावाहिक आ रहा है जिसके लिए लगभग 50 करोड़ रुपए खर्च किए गए हैं। छोटे परदे के इतिहास में यह सबसे महँगा साबित हो सकता है। यह एक एनिमेटेड धारावाहिक है जिसे पूना के बिग एनिमेशनल स्टुडियो में बनाया गया है।निक चैनल ने बच्चों की छुट्टियों को देखते हुए भगवान कृष्ण की जीवनी पर 'लिटिल कृष्णा' धारावाहिक का निर्माण किया है। सिर्फ तेरह कड़ियों के इस धारावाहिक के लिए लगभग 50 करोड़ रुपए का खर्च आया है। दी इंडियन हेरिटेज फाउंडेशन (इस्कॉन, बेंगलुरु) द्वारा इस धारावाहिक का निर्माण किया गया है। बिग एनिमेशनल के सीईओ आशीष एस.के. ने बताया, इस्कॉन वाले एनिमेशन में श्रीकृष्ण की जीवनी दिखाना चाहते थे ळ। इस धारावाहिक के लिए हमने लगभग 45 हजार चित्र बनाए और 380 लोगों ने इस पर काम किया। हम इस पर फिल्म भी बना सकते थे लेकिन धारावाहिक की उम्र होती है। ‘टॉम एंड जेरी’ के सिर्फ 75 एपिसोड हैं लेकिन उसे दुनियाभर में हर दिन दिखाया जाता है। निक के 'लिटिल कृष्णा' की तरह ही सोनी पर 'चित्तौड़ की रानी पद्मिनी का जौहर' प्रसारित हो रहा है। इस धारावाहिक का निर्माण विश्वविख्यात कला निर्देशक नीतिन देसाई कर रहे हैं। इस धारावाहिक के लिए नीतिन देसाई ने अपने एनडी स्टुडियो में भव्य सेट लगाया है जिसकी लागत 25 से 35 करोड़ के आसपास है। सोनी पर ही सलमान खान के शो 'दस का दम' का दूसरा दौर शुरू होने जा रहा है। सलमान को इस शो के लिए करोड़ों रुपए दिए गए हैं। सेट पर भी लगभग दो से पाँच करोड़ रुपए खर्च किए जाने वाले हैं।महँगे धारावाहिक बनाने की शुरुआत हाल ही में हुई हो ऐसा नहीं है। इसके पहले भी जी टीवी, स्टार, सहारा ने प्रति एपिसोड 30 से 40 लाख रुपए के खर्च से धारावाहिक बनाए हैं। जी ने 2003 में विभाजन के पहले की कहानी 'मुल्क' के लिए काफी खर्च किया था। इसके लिए लाहौर का सेट लगाया गया था। चंदर बहल द्वारा निर्देशित यह धारावाहिक दर्शकों द्वारा काफी सराहा गया था। जी की तरह ही सोनी ने 'कश्मीर' धारावाहिक बनाया था जो उस समय का सबसे महँगा धारावाहिक था। सोनी ने ही 'किसमें कितना है दम' गेम शो बनाया था जिसके लिए उन्होंने प्रति एपिसोड 25 लाख रुपए खर्च किए थे। पौराणिक और ऐतिहासिक धारावाहिक बनाने में अच्छा खासा खर्च होता है। सेट और कॉस्ट्यूम से लेकर हजारों एक्स्ट्रा कलाकारों की वजह से इस तरह के धारावाहिकों का खर्च प्रति एपिसोड पाँच से दस लाख के बीच आता है। संजय खान ने 'महारथी कर्ण' और '1857-क्रांति' अकबर खान ने 'टीपू सुल्तान' बी.आर. चोपड़ा और रामानंद सागर के लगभग सभी धारावाहिक काफी खर्चे वाले थे। स्मिता ठाकरे ने भी छोटे परदे के लिए 'खेल' नाम का धारावाहिक बनाया था जो उस समय का सबसे महँगा धारावाहिक था। स्टार ने अमिताभ बच्चन को लेकर 'कौन बनेगा करोड़पति' का निर्माण किया था जिसके लिए अमिताभ को प्रति एपिसोड इतनी रकम दी गई थी कि वे अपना पूरा कर्जा उतार पाए थे। पिछले कुछ समय से इस तरह के महँगे धारावाहिकों की बाढ़ सी आ गई है। कलर्स ने 'बिग बॉस' के लिए अच्छे खासे पैसे खर्च किए तो हाल ही में शुरू हुए रियल ने 'सरकार की दुनिया' धारावाहिक का निर्माण किया जिसकी लागत 8 से 10 करोड़ रुपए बताई जाती है। एकता कपूर इस समय 'कितनी मोहब्बत है' के लिए दिल खोलकर पैसे खर्च कर रही हैं। इस धारावाहिक के लिए भव्य सेट्स लगाने के साथ ही मुंबई के विभिन्न स्थलों पर भी इसकी शूटिंग की जा रही है। इसी तरह रोनित रॉय की मुख्य भूमिका वाला 'बंदिनी' धारावाहिक भी महँगा धारावाहिक कहा जा सकता है। एनडीटीवी 'राखी के स्वयंवर' पर राखी को पैसे देने के साथ ही उसकी शादी भव्य तरीके से करने वाला है। राखी का होने वाला वर किस प्रांत का होगा यह पता नहीं है इसलिए तीन-चार तरह के सेट लगाए जाने वाले हैं। जिस प्रांत का वर मिलेगा उसे प्रांत की खासियत वाले सेट पर राखी की शादी करवाई जाएगी और उसमें पूरे बॉलीवुड को आमंत्रित किया जाने वाला है। इस पर चैनल की ओर से लगभग 15 से 20 करोड़ रुपए खर्च किए जाने वाले हैं। कलर्स भी अब पौराणिक धारावाहिकों की तरफ मुड़ रहा है और इसके लिए भी अच्छे-खासे पैसे चैनल की ओर से खर्च किए जा रहे हैं। जी टीवी ने रणबीर रानो के लिए कमालिस्तान स्टुडियो में अमृतसर के गाँव का सेट लगाया था और सेट के साथ ही अमृतसर में भी शूटिंग की जा रही थी। इसके लिए प्रति एपिसोड 4 से 5 लाख रुपए खर्च किए गए थे। कुल मिला कर छोटे परदे पर भी अब बिग बजट का जमाना आता साफ नजर आ रहा है।
(संडे मैग्जीन)