'गुत्थी' से मिली पहचान, 'डॉ. मशहूर गुलाटी' ने बनाया कॉमेडी किंग, जानिए सुनील ग्रोवर की कहानी
भारतीय कॉमेडी जगत में जब भी किसी ऐसे कलाकार का नाम लिया जाता है जो अपने हर किरदार में पूरी तरह ढल जाता है, तो सुनील ग्रोवर का नाम सबसे ऊपर आता है। 3 अगस्त को अपना जन्मदिन मना रहे सुनील ग्रोवर ने अपनी बेहतरीन अदाकारी, कॉमिक टाइमिंग और अतरंगी अंदाज से हर वर्ग के दर्शकों के दिलों में एक खास जगह बनाई है।
चाहे दो चोटी बांधकर 'गुत्थी' बनकर दर्शकों को हंसाना हो, या फिर सफेद कोट पहनकर 'डॉ. मशहूर गुलाटी' बनकर उल्टा-सीधा इलाज करना—सुनील ने पर्दे पर जो भी किरदार निभाया, वह अमर हो गया। लेकिन इस मुकाम तक पहुँचने की राह सुनील ग्रोवर के लिए आसान नहीं थी।
सुनील ग्रोवर के करियर की सबसे बड़ी खासियत रही है पर्दे पर महिला किरदारों को पूरी गरिमा और सहजता के साथ निभाना। 'गुत्थी' से लेकर 'रिंकू भाभी' और 'संतोष भाभी' तक, उनके हर महिला किरदार को दर्शकों ने भरपूर प्यार दिया। एक इंटरव्यू में जब सुनील से पुरुषों द्वारा महिलाओं का किरदार निभाने के ट्रेंड पर सवाल पूछा गया, तो उन्होंने बहुत बेबाकी से जवाब दिया था।
सुनील ने कहा था, पुरुषों के रूप में जुड़ने की तुलना में मेरे लिए महिला किरदार में ढलना ज्यादा आसान और सहज है। मुझे टीवी पर महिला बनना बहुत ज्यादा पसंद है। मेरा मानना है कि यह सिलसिला तब तक चलते रहना चाहिए जब तक दर्शक इसे पसंद कर रहे हैं और आप इसे अच्छे से कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी कहा था कि महिला कलाकारों को भी पर्दे पर पुरुषों के किरदार निभाने चाहिए। उनके लिए अभिनय में जेंडर कोई मायने नहीं रखता, सिर्फ किरदार और दर्शक की मुस्कान मायने रखती है।
500 रुपए की पहली कमाई से स्टारडम तक का संघर्षपूर्ण सफर
आज भले ही सुनील ग्रोवर टीवी और बॉलीवुड इंडस्ट्री का जाना-माना नाम हैं, लेकिन शुरुआती दौर में उन्होंने काफी कठिन समय देखा है। सुनील ने खुद इस बात का खुलासा किया था कि उनकी पहली कमाई महज 500 रुपए थी। रेडियो जॉकी (RJ) के रूप में अपने करियर का आगाज करने वाले सुनील ने हर छोटे-बड़े अवसर को भुनाया।
सुनील ग्रोवर ने 1995 में दूरदर्शन के प्रसिद्ध कॉमेडी शो 'फुल टेंशन' से छोटे पर्दे पर कदम रखा। इसके बाद 1998 में अजय देवगन और काजोल स्टारर फिल्म 'प्यार तो होना ही था' में एक छोटे से नाई के किरदार से बॉलीवुड की दुनिया में एंट्री ली। वर्षों की कड़ी मेहनत के बाद उन्हें असली पहचान मिली 'कॉमेडी नाइट्स विद कपिल' के 'गुत्थी' के रूप में। इसके बाद 'द कपिल शर्मा शो' में उनके 'डॉ. मशहूर गुलाटी' के अवतार ने सफलता के सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए।

