'पॉकेटमार जैसे कपड़े पहनती हैं', कंगना रनौत का बिना नाम लिए तंज, क्या सोनाक्षी सिन्हा पर साधा निशाना?
बॉलीवुड एक्ट्रेस और सांसद कंगना रनौत अपनी बेबाकी और तीखे बयानों के लिए अक्सर चर्चा में रहती हैं। कंगना छात्र आंदोलन के बाद से ही लगातार बयान दे रही हैं, जिसपर खूब बवाल भी मच रहा है। अब कंगना ने बिना नाम लिए एक एक्ट्रेस के लिए कमेंट किया है।
कंगना रनौत ने अपनी इंस्टा स्टोरी पर एक पोस्ट शेयर किया है। इस बार उनके निशाने पर कोई और नहीं, बल्कि बॉलीवुड अभिनेत्री सोनाक्षी सिन्हा बताई जा रही हैं। सोशल मीडिया यूजर्स का दावा है कि कंगना का यह लेटेस्ट वार सीधा सोनाक्षी सिन्हा की तरफ ही है।
कंगना ने अपनी पोस्ट में एक्ट्रेस के लुक की तुलना पॉकेटमार से करते हुए उनकी भाषा, पति और पहनावे पर सवाल खड़े किए हैं। कंगना ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट री-शेयर की है, जिसमें लिखा है- 'नाम नहीं लूंगा पर एक मोटी जिहादी कूद कूद कर नीट प्रोटेस्ट पर वीडियो बना रही थी। पर झारखंड प्रोटेस्ट के टाइम मुंह बंद है।'
इस पोस्ट को कंगना ने लाइक किया और फिर इसके साथ लिखा, आजकल कई फेक खबरें फैलाई जा रही हैं। यह लाइक भी पूरी तरह से फर्जी है। मैं कभी किसी को बॉडी शेम नहीं करती। लेकिन मैंने ध्यान दिया है कि एक एक्ट्रेस आजकल 'पॉकेटमार' की तरह कपड़े पहनती और बात करती है। उल्टी कैप और हाफ पैंट पहनकर वह प्रदर्शनकारियों के गटरछाप बर्ताव को प्रमोट कर रही है।
कंगना ने आगे लिखा, मुझे हमेशा लगता है कि आप जिस तरह के कपड़े पहनते हैं, उसका सीधा असर आपकी सोच और व्यक्तित्व पर दिखाई देता है। मेरी प्यारी साथी एक्ट्रेस, अगर आपका पुरुष साथी आपको जेबकतरे जैसा महसूस करा रहा है, तो मुझे अफसोस है। आप पहले बहुत सलीके से कपड़े पहनती थीं और बेहद शालीनता से बात करती थीं। आपको क्या हो गया? आपकी राय आपकी अपनी है, लेकिन अपने स्टाइल पर थोड़ा और ध्यान दें। अगर आपको मदद की जरूरत हो, तो मैं हमेशा आपके लिए मौजूद हूं।
सोशल मीडिया पर सोनाक्षी सिन्हा का नाम क्यों उछला?
कंगना ने अपनी पोस्ट में किसी का नाम नहीं लिया, लेकिन इंटरनेट यूजर्स ने तुरंत अंदाजा लगा लिया कि उनका इशारा सोनाक्षी सिन्हा की तरफ ही था। गौरतलब है कि हाल ही में जंतर-मंतर पर छात्रों के विरोध प्रदर्शन और सामाजिक कार्यकर्ता सोनम वांगचुक के समर्थन में बोलने वाली सोनाक्षी सिन्हा पहली बॉलीवुड हस्तियों में से थीं।
सोनाक्षी ने टी-शर्ट, शॉर्ट्स और उल्टी कैप पहनकर एक वीडियो पोस्ट किया था, जिसमें उन्होंने छात्रों की आवाज उठाई थी और सोनम वांगचुक के अनशन का समर्थन किया था। इसी लुक और स्टैंड की वजह से सोशल मीडिया यूजर्स का मानना है कि कंगना का यह तंज सोनाक्षी पर ही था।

