केशव पंडित अब टीवी पर
PR
केशव पंडित को नहीं जानती थीं एकता
’केशव पंडित’ की निर्माता एकता कपूर ने मुंबई में आयोजित पत्रकार वार्ता में बताया कि उन्हें केशव पंडित के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। वे अपने लेखकों के साथ मीटिंग कर रही थी, तब उनमें से एक ने कहा कि मुंबई में बैठकर आप नहीं जानती हैं कि लोग क्या देखना चाहते हैं। उसने फिर केशव पंडित के बारे में बताया, जिस पर आधारित उपन्यास लोग बड़े चाव से पढ़ते हैं और वह बेहद लोकप्रिय पात्र है। एकता ने जब उन किताबों को पढ़ा तो वे बेहद प्रभावित हुईं और उन्होंने तुरंत इस उपन्यास के लेखक वेदप्रकाश शर्मा से बात की। एकता का कहना है कि यदि यह धारावाहिक सफल रहता है तो छोटे शहर में रहने वाले लेखकों की रचनाओं पर आधारित धारावाहिकों की बाढ़ आ जाएगी। उन्हें पूरा विश्वास है कि यह धारावाहिक सफल रहेगा।
समाज से ही मिलती हैं कहानियाँ
वेदप्रकाश शर्मा के उपन्यासों पर कुछ फिल्में बनी हैं, लेकिन धारावाहिक बनने का यह पहला अवसर है। उन्होंने बताया ‘मैंने केशव पंडित को आधार बनाकर 1981 से उपन्यास लिखना शुरू किया, जो बेहद लोकप्रिय रहा। लोगों की माँग पर मैं इसे लगातार लिखता रहा। इस उपन्यास की इतनी डिमांड थी कि यह ब्लैक में बिकता था।‘ वेदप्रकाश के मुताबिक ज्यादातर लोगों को कानून पर अविश्वास है और वे इसके बारे में ज्यादा जानकारी नहीं रखते हैं। कानून पर विश्वास पैदा करने के लिए यह लिखा गया। क्या वे नई कड़ियाँ भी लिखेंगे? पूछने पर उन्होंने बताया ‘यह धारावाहिक कुछ पुरानी कहानियों पर आधारित होगा, जिनमें आज के दौर के मुताबिक कुछ बदलाव किए गए हैं। साथ ही कुछ नई कहानियाँ भी लिखी जाएँगी।‘
लकी हूँ जो ऐसा किरदार निभाने को मिला : सरवर
’खन्ना एंड अय्यर’ और ‘मेरी पड़ोसन’ जैसी फिल्म कर चुके सरवर आहूजा जी सिने स्टार की खोज है और एक बार फिर यह चैनल उनके करियर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने जा रहा है। सरवर के मुताबिक उन्हें एकता कपूर ने चुना। केशव पंडित के लिए उन्हें ऐसा कलाकार चाहिए था जो चेहरे से परिपक्व और जमीन से जुड़ा लगे। अपने रोल के बारे में उन्होंने कहा ‘मैं खुशकिस्मत हूँ क्योंकि इस तरह की भूमिका बार-बार निभाने को नहीं मिलती। इसे 70 के दशक के अमिताभ बच्चन की तरह पेश किया जाएगा।‘
जी टीवी पर यह धारावाहिक प्रत्येक शनिवार रात 8.30 पर यह देखा जा सकेगा।
