ट्रंप की तेज चाल से शेयर बाजार धड़ाम, अगले सप्ताह कैसी रहेगी बाजार की चाल?
5 दिन में सेंसेक्स 2185 अंक गिरा तो निफ्टी में भी 684 अंकों की गिरावट
Share market review Market ki Baat : भारतीय शेयर बाजार के लिए पिछले 5 दिन बेहद खराब रहे। सेंसेक्स 2185 अंक गिरा तो निफ्टी में भी 684 अंकों की गिरावट दर्ज की गई। 9 जनवरी को समाप्त हु्ए हफ्ते में सेंसेक्स 83,576 और निफ्टी 25,683 के मनौवैज्ञानिक स्तर से ऊपर बंद हुआ। जानिए मार्केट ट्रेड और निवेशकों के लिए कैसा रहेगा आने वाला सप्ताह।
कैसी रही सेंसेक्स और निफ्टी की चाल : हफ्ते के पहले कारोबारी दिन सोमवार को सेंसेक्स 322 अंक गिरकर 85,440 पर पहुंचा। निफ्टी 78 अंकों की बढ़त के साथ 26,250 पर बंद हुआ। मंगलवार को सेंसेक्स 376 अंक और निफ्टी 72 गिर गया। बुधवार को लगातार तीसरे दिन भी शेयर बाजार में गिरावट आई। सेंसेक्स 102 अंक की गिरावट के साथ 84,961 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 77 अंक की गिरावट के साथ 26064 के स्तर पर बंद हुआ।
हफ्ते के चौथे दिन गुरुवार को भी शेयर बाजार में भारी गिरावट आई। सेंसेक्स 780 अंक फिसला तो निफ्टी भी 264 अंक लुढ़का। हफ्ते के आखिरी दिन सेंसेक्स 605 अंक की गिरावट के साथ 83576 के स्तर पर बंद हुआ, वहीं निफ्टी 194 अंक की गिरावट के साथ 25683 के स्तर पर बंद हुआ। गिरावट के चलते सेंसेक्स में निवेशकों के 13 लाख करोड़ रुपए से ज्यादा डूब गए।
इन फैक्टर्स से तय हुई बाजार की चाल : अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप के 500 प्रतिशत टैरिफ बिल, वेनेजुएला के तेल पर अमेरिकी कब्जा, रूस और ईरान के साथ अमेरिका के बढ़ते तनाव की वजह से इस हफ्ते बाजार लगातार गिरता चला गया। गिरावट के दौर में विदेशी निवेशकों ने भारतीय शेयर बाजार में जमकर बिकवाली की। रिलायंस और एचडीएफसी बैंक जैसे बड़े शेयरों में गिरावट और वैश्विक बाजारों से आ रहे कमजोर संकेतों के कारण भी शेयर बाजार में गिरावट आई। आईआरसीटीसी समेत कई कंपनियों के स्टाक्स बीएसई में 52 हफ्ते के अपने निचले स्तर पर पहुंच गए।
कैसा रहेगा अगला हफ्ता : बाजार विशेषज्ञ मनीष उपाध्याय ने कहा कि अगले हफ्ते दुनिया भर के शेयर बाजारों की चाल ट्रंप के एक्शन पर निर्भर करेगी। अगर वे ग्रीनलैंड, कोलंबिया या ईरान पर कार्रवाई करते हैं तो इससे तनाव बढ़ेगा और बाजार में और गिरावट दिखाई देगी। अगर रूस से तेल खरीदने वाले देशों पर टैरिफ बढ़ता है तो भी भारतीय बाजारों पर इसका नकारात्मक असर होगा। वहीं टैरिफ घटना पर बाजार की चाल सकारात्मक हो सकती है।
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर चल रही उठापटक को देखते हुए निवेशक फिलहाल सतर्क रूख अपनाए हुए हैं। भारत की नजर सोमवार को टैरिफ पर आने वाले सुप्रीम कोर्ट के फैसले पर भी लगी हुई है। अमेरिकी संसद में आने वाले 500 प्रतिशत टैरिफ संबंधी बिल पर भी सभी की निगाहें हैं। फिलहाल बाजार में मंदड़िए हावी है और आने वाले दिनों में बाजार में बिकवाली का दौर जारी रहने की संभावना है।
15 जनवरी को खुले रहेंगे बाजार : महाराष्ट्र में गुरुवार, 15 जनवरी को नगर निगम के चुनाव होने वाले हैं। लेकिन इस दिन नेशनल स्टॉक एक्सचेंज (NSE) पर ट्रेडिंग जारी रहेगी। हालांकि स्टॉक एक्सचेंज ने सदस्यों को सूचित किया है कि 15 जनवरी को T+0 सेटलमेंट नंबर 2026511 नहीं होगा। इस वजह से सेटलमेंट प्रभावित हो सकते हैं।
अस्वीकरण : यह लेख केवल सूचना के उद्देश्य से है। यह कोई निवेश सलाह नहीं है। किसी भी निवेश से पहले अपने वित्तीय सलाहकार से परामर्श जरूर लें।