Last Modified: नई दिल्ली ,
मंगलवार, 26 अप्रैल 2011 (01:26 IST)
सुरेश कलमाड़ी पर कार्रवाई का स्वागत
क्लीन स्पोर्ट्स इंडिया ने राष्ट्रमंडल खेल आयोजन समिति के पूर्व अध्यक्ष सुरेश कलमाड़ी की इन खेलों से जुडे घोटाले के सिलसिले में सोमवार को हुई गिरफ्तारी का स्वागत किया है।
सीएसआई के अध्यक्ष परगटसिंह ने कहा कि यह कार्रवाई बहुत देर से हुई है लेकिन फिर भी, कभी नहीं से देर ही भली। सीएसआई ने कहा कि इस गिरफ्तारी के बाद देश के खेल संघों में सुधार की प्रक्रिया को गति मिलेगी क्योंकि कलमाड़ी ही इसमें रोडे अटका रहे थे।
वहीं अश्विनी नचप्पा ने कहा कि वह खेल संघों के पदाधिकारियों के कार्यकाल सीमित करने के संबंध में खेल मंत्रालय के प्रस्तावित विधेयक को पूरा समर्थन देंगी।
सीएसआई के संयोजक बीवीपी राव और सह संयोजक रीथ अब्राहम ने कहा कि कलमाड़ी 25 वर्षों से ज्यादा समय से खेल जगत में भ्रष्टाचार का प्रतीक बनकर रह गए हैं। राव ने कहा यह गिरफ्तारी देश के खेल प्रशासन में ऐतिहासिक घटना है और मील का पत्थर साबित होगी। (वार्ता)