1. लाइफ स्‍टाइल
  2. »
  3. नायिका
  4. »
  5. डोर रिश्तों की
  6. विश्वास से बँधती है प्रेम की डोर

Faith in Love | विश्वास से बँधती है प्रेम की डोर

प्रेम
- एकता सिन्हा

ND
ND
कहते हैं प्यार कभी सोच-समझकर नहीं होता लेकिन प्यार होने के बाद समझदारी की बहुत जरूरत होती है। आँख बंद कर सपनों में जीना प्यार नहीं बल्कि दूसरे का विश्वास हासिल कर उसे बरकरार रखना प्यार है।

प्रतिष्ठित मल्टीनेशनल कंपनी में कार्यरत पंकज का तबादला हाल ही में गुड़गाँव हुआ। पंकज ने शहर के एक पॉश इलाके में किराए पर मकान भी ले लिया। इस मकान में अभी एक ही महीना हुआ था कि पंकज को अहसास हुआ कि उसका खिंचाव अपने मकान मालिक की बेटी सुमन की ओर होने लगा है।

सुमन पढ़ी-लिखी होने के साथ खूबसूरत भी थी और दूसरों के लिए सहयोगी की भूमिका बखूबी निभा लेती थी। यही कारण था कि वह पंकज का खयाल जाने-अनजाने रखने लगी। धीरे-धीरे उन दोनों को इसका अहसास हुआ कि वे एक-दूसरे के बिना नहीं रह सकते हैं और उन्होंने शादी कर ली

उनकी शादी को अभी कुछ ही दिन बीते थे कि पंकज की पहली पत्नी अपने बच्चे के साथ आ धमकी। सुमन के पैरों तले तो मानो जमीन ही खिसक गई। उसने जिस विश्वास और प्यार की बदौलत अपने घरवालों के खिलाफ शादी की थी उसी ने उसे कहीं का नहीं छोड़ा।

जिससे आप प्यार करते हैं और आपने ठान लिया है कि आप इसी से शादी करेंगे तो पहले ही अपने प्रेमी से पूछ लें कि वह कब तक शादी करेगा या फिर उसने भविष्य में क्या योजनाएँ बनाई हैं। हर रिश्ते में विश्वास होना बेहद जरूरी होता है लेकिन आँख बंद कर विश्वास न करें।
विश्वास प्रेम की बुनियाद होता है लेकिन आजकल के कई प्रेमी इस बुनियाद को जड़ से उखाड़ने में लगे हैं। जिसमें फँसकर लड़कियों की जिंदगी अकसर बर्बाद हो जाती है। प्रेमियों की असलियत न जान पाने के कारण कई बार तो इन भोली-भाली लड़कियों को आत्महत्या का रास्ता अपनाना पड़ता है।

रोशनी की कहानी भी सुमन से कुछ अलग नहीं है। कॉल सेंटर में काम कर रोशनी अपना दिल इलाहाबाद के रोहन को दे बैठी। रोहन जो उसका टीम लीडर था, शहर में अकेला रहता था। दोनों अकसर फिल्म देखने और घूमने-फिरने भी जाते थे। मगर जब भी रोशनी उससे शादी की बात करती थी, वह टाल जाता था।

जल्द ही रोहन को किसी और कंपनी में काम मिल गया और वह रोशनी को यह वादा कर छोड़ गया कि जल्द ही उससे शादी करेगा। कई महीने तक वापस न आने के कारण रोशनी उसके घर पर असलियत जानने गई तो उसे पता चला कि वह पहले से शादीशुदा है। यह सुनकर रोशनी को इस कदर ठेस पहुँची की वह पागल हो गई।

ND
ND
इस तरह की घटना आए-दिन सुनने को मिलती है इसलिए प्यार करने से पहले उसकी वास्तविकता का जानना जरूरी है जिससे आप प्यार कर रहे हैं वह सही मायने में आपका प्यार है या महज एक आकर्षण। यह जानना बहुत जरूरी है। दिल देने के पहले प्रेमी की जाँच पड़ताल करना जरूरी है ताकि बाद में पछतावा न हो।

समाजशास्त्रियों का कहना है कि अकसर युवा प्यार और आकर्षण में सब भूल जाते हैं जो कि गलत है। काम के सिलसिले में दूसरे शहर से आए युवाओं से संबंध जुड़ने के बाद लड़कियाँ धोखा खाती हैं इसलिए कुछ बातों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है, जिससे आप इन धोखे से बच सकें।

यदि आपका प्रेमी अपने घरवालों से मिलवाने से इनकार करे या फिर सौ बहाने करे तो कहीं कोई गड़बड़ है। आपको लगता है कि आपका प्रेमी आपसे झूठ बोलता है तब भी आपको सावधान रहने की जरूरत है। अपने प्रेमी के हर बात पर यकीन न करें, जब तक वास्तविकता से आप स्वयं परिचित न हो जाएँ।

जिससे आप प्यार करते हैं और आपने ठान लिया है कि आप इसी से शादी करेंगे तो पहले ही अपने प्रेमी से पूछ लें कि वह कब तक शादी करेगा या फिर उसने भविष्य में क्या योजनाएँ बनाई हैं। हर रिश्ते में विश्वास होना बेहद जरूरी होता है लेकिन आँख बंद कर विश्वास कभी न करें।

उसकी कही हर बात न मानें। हो सके तो समय-समय पर पूछताछ करते रहें। अक्सर आप प्यार तो कर लेते हैं लेकिन जब आपके सजाए हुए सपने टूटते हैं तो दिल का दुख पहुँचता है। इसलिए सपनों में न जी कर असल जिंदगी से परिचित होना बहुत जरूरी है।