विजय माल्या पर एक और मुसीबत, चेक बाउंस में दोषी करार
हैदराबाद। विभिन्न बैंकों का 9 हजार करोड़ का कर्ज चुकाने के बजाय इंग्लैंड में बैठे शराब कारोबारी विजय माल्या पर से मुसीबतें खत्म होने का नाम नहीं ले रहीं हैं। अब उन्हें 50 लाख के चेक के बाउंस होने पर दोषी करार दिया गया है।
शहर की एक अदालत ने जीएमआर हैदराबाद इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (जीएचआईएएल) द्वारा दायर चेक बाउंसिंग के एक मामले में उद्योगपति विजय माल्या को बुधवार को दोषी करार दिया।
माल्या के वकील एच सुधाकर राव ने कहा कि अदालत ने माल्या के अदालत में मौजूद नहीं होने के कारण उन्हें सजा नहीं सुनाई। राज्यसभा सांसद पिछले महीने देश से बाहर चले गए थे। जीएमआर के वकील अशोक रेड्डी ने कहा कि अदालत 5 मई को सजा सुना सकती है।
अदालत ने इससे पहले यहां के राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय हवाईअड्डे का संचालन करने वाले जीएचआईएएल को दिए गए 50 लाख रुपए का चेक बाउंस होने के मामले में किंगफिशर, उसके प्रमुख विजय माल्या और कंपनी के एक दूसरे वरिष्ठ अधिकारी के खिलाफ गैर जमानती वारंट जारी किया था। (वेबदुनिया/भाषा)
