शुक्रवार, 5 जुलाई 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. TDP chief Chandrababu Naidu sent to jail, many party leaders detained
Written By
Last Modified: सोमवार, 11 सितम्बर 2023 (12:44 IST)

तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को जेल भेजा, कई पार्टी नेता हिरासत में

तेदेपा प्रमुख चंद्रबाबू नायडू को जेल भेजा, कई पार्टी नेता हिरासत में - TDP chief Chandrababu Naidu sent to jail, many party leaders detained
Chandrababu Naidu sent to jail: तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) के प्रमुख एन चंद्रबाबू नायडू को विजयवाड़ा की एक अदालत द्वारा करोड़ों रुपए के कथित भ्रष्टाचार मामले में 14 दिनों की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने के बाद रविवार देर रात राजामहेंद्रवरम केंद्रीय कारागार ले जाया गया। इस बीच, गिरफ्तारी का विरोध कर रहे हैं कई तेदेपा नेताओं को पुलिस ने ऐहतियातन हिरासत में लिया है। 
 
उन्होंने बताया कि नायडू विजयवाड़ा से पूर्वी गोदावरी जिले के राजामहेंद्रवरम तक लगभग 200 किलोमीटर की यात्रा के बाद जेल पहुंचे। पूर्वी गोदावरी जिले के पुलिस अधीक्षक पी जगदीश ने बताया कि नायडू देर रात करीब एक बजकर 20 मिनट पर जेल पहुंचे।
 
न्यायिक हिरासत के दौरान नायडू को अदालत द्वारा दी गई सुविधाओं में घर का बना खाना, दवाएं और एक विशेष कमरा शामिल है। 73 वर्षीय पूर्व मुख्यमंत्री को उनके जीवन को कथित संभावित खतरे के मद्देनजर जेल के अंदर रहने के लिए अलग स्थान उपलब्ध कराया गया है। वह जेड-प्लस श्रेणी की सुरक्षा प्राप्त व्यक्ति हैं।
 
नायडू के बेटे और तेदेपा महासचिव नारा लोकेश अपने पिता के साथ साथ जेल के गेट तक गए और वहां से जाने से पहले कुछ देर तक बाहर इंतजार करते रहे। हिरासत आदेश के अनुसार, न्यायाधीश ने इस बात पर प्रकाश डाला कि नायडू के खिलाफ लगाए गए आरोपों पर विश्वास करने के आधार हैं और जांच पूरी करने के लिए 24 घंटे पर्याप्त नहीं हैं।
 
नायडू को कथित कौशल विकास निगम घोटाला मामले में शनिवार सुबह नंदयाल से गिरफ्तार किया गया था। अपराध जांच विभाग (सीआईडी) की टीम ने उन्हें उस समय गिरफ्तार किया गया था, जब वह सभी सुविधाओं से लैस अपनी विशेष बस में सो रहे थे।
 
बंद का असर नहीं : नायडू की गिरफ्तारी के विरोध में तेदेपा द्वारा बुलाए गए राज्यव्यापी बंद के आह्वान को सोमवार को कुछ खास प्रतिक्रिया नहीं मिली और राज्य के कई हिस्सों में सुबह कारोबार सामान्य रहा। अतिरिक्त पुलिस महानिदेशक (कानून एवं व्यवस्था) शंखब्रत बागची के अनुसार, राज्य में स्थिति शांतिपूर्ण है और किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। बागची ने बताया कि स्थिति शांतिपूर्ण है, हालात के आधार पर स्थानीय अधिकारियों ने निषेधाज्ञा लागू कर दी है। 
 
पुलिस को राज्य में कुछ स्थानों पर सड़कों पर विरोध प्रदर्शन कर रहे तेदेपा कार्यकर्ताओं को तितर-बितर करते देखा गया। तेदेपा के अध्यक्ष के. अत्चन्नायडू सहित कई वरिष्ठ नेताओं को उनके संबंधित स्थानों से एहतियातन हिरासत में ले लिया गया है। आंध्र प्रदेश राज्य सड़क परिवहन निगम (एपीएसआरटीसी) के सूत्रों के अनुसार, शहर के लिए और लंबे मार्गों सहित निगम की बसें सामान्य दिनों की तरह चल रही हैं और जिले में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं है। सार्वजनिक क्षेत्र के बैंक और सरकारी कॉलेज सहित सरकारी कार्यालय खुले रहे। (भाषा/वेबदुनिया) 
 
ये भी पढ़ें
जम्मू-कश्मीर में आतंकियों की भर्ती के मॉड्यूल का खुलासा