गुरुवार, 26 मार्च 2026
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. प्रादेशिक
  4. raja raghuvanshi murder case sonam big reveal
Last Modified: शिलांग , रविवार, 7 सितम्बर 2025 (18:58 IST)

Raja Raghuvanshi Murder Case : राजा रघुवंशी मर्डर केस में 790 पन्नों की चार्जशीट में बड़ा खुलासा, SIT ने किन्हें बनाया मुख्य साजिशकर्ता

raja raghuvanshi murder case
देशभारत में सुर्खियां बंटोरने वाले राजा रघुवंशी हत्याकांड में पुलिस ने मर्डर केस की 790 पन्नों की चार्जशीट दाखिल की है। मीडिया की खबरों के अनुसार बेरहमी से की गई इस हत्या के मामले में राजा रघुवंशी की पत्नी सोनम सहित 8 लोगों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया गया है। मेघालय पुलिस ने राजा रघुवंशी मर्डर केस में 790 पेज की चार्जशीट दाखिल की है। इस हत्याकांड की चार्जशीट सोहरा कोर्ट में दाखिल की गई है। इसमें प्रमुख आरोपियों के नाम सामने आए हैं। केस की जांच एसआईटी को सौंपी गई थी। 
 
जांच में कहा गया है कि राजा रघुवंशी की हत्या एक सुनियोजित साजिश के तहत की गई थी। इस हत्याकांड में सोनम रघुवंशी, राज कुशवाहा, आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 238 (ए) (साक्ष्य मिटाना) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत आरोप लगाए गए हैं।
क्या था पूरा मामला
11 मई को इंदौर में ​राजा रघुवंशी और सोनम की शादी हुई थी और शादी के नौ दिन बाद, दोनों हनीमून के लिए शिलांग पहुंचे थे। वहां से दोनों सोहरा गए थे,  23 मई को नोंग्रियात होमस्टे से चेक आउट करने के बाद, वाई सवडोंग फॉल्स के पास सोनम और राज कुशवाहा की प्लानिंग के तहत तीन हत्यारों ने राजा पर धारदार हथियार से हमला किया। जब तीनों ने हमला किया तो सोनम भी मौके पर मौजूद थी। राजा रघुवंशी की हत्या करने के बाद उसका शव खाई में फेंक दिया गया था। राजा रघुवंशी का शव दो जून को सोहरा में एक गहरी खाई से बरामद किया गया था। 
 
क्या सामने आया एसआईटी जांच में  
पूर्वी खासी पवर्तीय जिले के पुलिस अधीक्षक विवेक सिएम ने एक बयान में कहा कि पुलिस ने सोहरा उप-संभाग के प्रथम श्रेणी न्यायिक मजिस्ट्रेट की अदालत में 790 पृष्ठों का आरोपपत्र दाखिल किया, जिसमें भौतिक साक्ष्य और अन्य दस्तावेज संलग्न हैं। पुलिस के अनुसार, मध्य प्रदेश के इंदौर निवासी राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम सोहरा जाने से पहले 21 मई को शिलांग आए थे।
 
उसने बताया कि 26 मई को दंपति के लापता होने की सूचना मिली, जिसके बाद सोहरा पुलिस, विशेष अभियान दल (एसओटी), राष्ट्रीय आपदा मोचन बल (एनडीआरएफ), राज्य आपदा प्रतिक्रिया बल (एसडीआरएफ), पर्वतारोही समूहों और स्थानीय ग्रामीणों द्वारा बड़े पैमाने पर तलाशी अभियान चलाया गया।
 
कई दिनों की गहन खोज के बाद, राजा रघुवंशी का शव दो जून को सोहरा में प्रसिद्ध वेई सावडोंग झरने के पास, उम्बलई के अरलियांग रियात कुनोन्ग्रिम में एक गहरी खाई से बरामद किया गया। भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) के प्रावधानों के तहत सोहरा पुलिस थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई।
 
मेघालय पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए पूर्वी खासी पर्वतीय जिला के पुलिस अधीक्षक (शहर) हर्बर्ट खारकोंगोर के नेतृत्व में वरिष्ठ अधिकारियों के एक विशेष जांच दल (एसआईटी) का गठन किया। एसआईटी जांच में खुलासा हुआ कि सोनम का राज कुशवाहा के साथ संबंध था। दोनों ने तीन भाड़े के हमलावरों के साथ मिलकर हनीमून के बहाने रघुवंशी की हत्या की साजिश रची थी। पुलिस ने बताया कि हत्या आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी ने सोनम की मौजूदगी में घाटी में की थी।
 
जांच के एक सप्ताह के भीतर ही सोनम सहित पांच आरोपियों के मध्य प्रदेश और उत्तर प्रदेश में होने की जानकारी मिली। पुलिस द्वारा जारी बयान के मुताबिक, सोनम रघुवंशी, राज कुशवाहा, आकाश सिंह राजपूत, विशाल सिंह चौहान और आनंद कुर्मी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या), 238 (ए) (साक्ष्य मिटाना) और 61(2) (आपराधिक साजिश) के तहत आरोप लगाए गए हैं। पुलिस के मुताबिक, बाद में तीन और आरोपियों - लोकेन्द्र तोमर, बल्ला अहिरवार और शिलोम जेम्स को साक्ष्य नष्ट करने में उनकी कथित भूमिका के लिए ग्वालियर, शाडोरा और देवास से गिरफ्तार किया गया। 
 
सोनम के भाई पर राजा के भाई ने आरोप लगाए 
मीडिया खबरों के मुताबिक मृतक राजा के भाई विपिन रघुवंशी ने सोनम के गंभीर आरोप लगाए हैं। विपिन का आरोप है कि सोनम के बैंक अकाउंट में लाखों रुपये जमा हैं और गोविंद उसी के लालच में आ गया है. विपिन ने कहा कि चार्जशीट में किन-किन बिंदुओं का जिक्र है, इसकी उन्हें पूरी जानकारी नहीं है. हालांकि पुलिस ने उन्हें बताया है कि हत्या की साजिश सोनम ने ही रची थी। उनका कहना है कि सोनम का किसी और से प्रेम संबंध था और इसी वजह से उसने राजा की हत्या करवाई. विपिन ने आरोप लगाया कि गोविंद अब सोनम से मुलाकात करने की योजना बना रहा है और हमारे परिवार के साथ धोखा कर रहा है। इनपुट एजेंसियां Edited by : Sudhir Sharma
ये भी पढ़ें
ट्रंप टैरिफ को लेकर मल्लिकार्जुन खरगे का बड़ा बयान, बोले- प्रधानमंत्री मोदी देश के दुश्मन बन गए हैं...