मॉरीशस में होगी गंगा आरती
ND
मॉरीशस में भी धार्मिक नगरी वाराणसी (बनारस) की तर्ज पर गंगा आरती का आयोजन किया जाएगा। गंगोत्री सेवा समिति के अध्यक्ष किशोरी रमण दुबे उर्फ बाबू महाराज ने यहाँ बताया कि कल दशाश्वमेध घाट पर गंगा आरती को देखकर भाव विभोर हुए मॉरीशस के राष्ट्रपति अनिरूद्ध जगन्नाथ ने मॉरीशस में गंगा तालाब पर राष्ट्रीय पर्व शिवरात्रि पर गंगा आरती कराने की इच्छा प्रकट की।
बाबू महाराज ने कहा कि शीघ्र ही वाराणसी से एक दल मॉरीशस जाएगा और वहाँ गंगा आरती कराएगा। उन्होंने कहा कि टीम के सदस्य वहाँ के लोगों को गंगा आरती के बारे में अच्छी तरह से प्रशिक्षित कर वापस लौट आएँगे। साथ ही गंगा आरती का सारा सामान भी यहाँ से भेजा जाएगा। इसके मद्देनजर गंगा आरती से संबंधित प्रस्ताव की रूपरेखा तैयार कर ली गई है।
गौरतलब है कि मॉरीशस में बहुत बड़ा तालाब है, जिसे गंगा तालाब के रूप में जाना जाता है। इस तालाब के किनारे वहाँ का राष्ट्रीय पर्व शिवरात्रि तीन दिनों तक बड़ी ही धूमधाम से मनाया जाता है। दुबे ने कहा कि कल दशाश्वमेध घाट पर अनिरुद्ध सपत्नीक गंगा आरती एवं मंत्रोच्चार के बीच गंगा का दुग्धाभिषेक कर आत्मविभोर हो गए।
गंगोत्री सेवा समिति की ओर से उन्हें रूद्राक्ष की माला, गंगा की मूर्ति, स्फटिक का शिवलिंग व शाल भेंट किया गया और उनकी पत्नी को रेशमी सा़ड़ी एवं रूद्राक्ष की माला के साथ साथ पूजा की सामाग्री भेंट की गई।

