तमिल प्रवासी गिरफ्तार
ND
थाई प्रशासन ने कनाडा जा रहे 100 से अधिक तमिल प्रवासियों को गिरफ्तार किया है। कनाडा के मंत्री जैसन केन्नी ने टोरंटो में बताया कि- ‘हमें पता चला है कि उन्होंने (थाई प्रशासन ने, 100 से अधिक प्रवासियों को हिरासत में लिया है जो अवैध रूप से कनाडा आने की योजना बना रहे थे।’
केन्नी ने कहा, ‘हमें लगता है कि इससे कबूतरबाजों को (लोगों को अवैध रूप से दूसरे देश भेजने वालों) तथा भेजे जाने वाले लोगों को कड़ा संदेश मिलेगा कि ऐसा करने से पहले उन्हें दो बार सोच लेना चाहिए।’ हालाँकि कनाडाई मंत्री ने यह नहीं बताया कि थाइलैंड में कल अवैध प्रवासियों की गिरफ्तारी में कनाडा के अधिकारियों का हाथ था या नहीं लेकिन यह जरूर कहा कि कनाडा ने मानव तस्करी रोकने के लिए दक्षिण पूर्व एशियाई देशों के साथ सहयोग बढ़ा दिया है।
कनाडाई अधिकारियों को इस बात की चिंता है कि श्रीलंका में 25 वर्षों से चली आ रही लड़ाई मई 2009 में खत्म होने के बाद विद्रोही तमिल टाइगर्स कनाडा में अवैध रूप से आ रहे हैं। (भाषा)

