• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा

उपराष्ट्रपति चुनाव में अंसारी सबसे आगे

उप राष्ट्रपति पद चुनाव हामिद अंसारी
देश के उपराष्ट्रपति पद के लिए शुक्रवार को होने वाला चुनाव अब महज एक औपचारिकता ही नजर आता है, क्योंकि आँकड़ों के खेल में संप्रग के उम्मीदवार हामिद अंसारी बाकी दोनों प्रत्याशियों से काफी आगे हैं।

इस चुनाव में सारे उम्मीदवार मुस्लिम हैं। इनमें राजग की नजमा हेपतुल्ला और संयुक्त राष्ट्रीय प्रगतिशील गठबंधन के राशिद मसूद शामिल हैं, लेकिन आँकड़े अंसारी के पक्ष में हैं।

संप्रग को वाम दलों और बहुजन समाज पार्टी के साथ लोकसभा और राज्यसभा के कुल 788 सदस्यों में से 425 का सर्मथन प्राप्त है।

संसदीय कार्य मंत्री प्रियरंजन दासमुंशी ने कहा कि वे इस बारे में कुछ नहीं कहना चाहेंगे कि 783 सदस्यों वाले निर्वाचक मंडल में अंसारी के पक्ष में कितने मत पड़ेंगे।

राजग को 240 संसद सदस्यों का सर्मथन प्राप्त है और उसके एक सहयोगी तृणमूल कांग्रेस का रुख अभी तक स्पष्ट नहीं है, जबकि दूसरे साथी (शिवसेना) के बारे में ऐसा लग रहा कि वह भाजपा के साथ जा सकता है।

तीसरा मोर्चा जिसका औपचारिक नाम संयुक्त राष्ट्रीय प्रगतिशील गठबंधन है, के पास 81 सांसद हैं। चुनाव जीतने के लिए एक उम्मीदवार को 393 मत मिलना जरूरी है।

संप्रग और कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गाँधी ने बुधवार रात सत्ताधारी गठबंधन के सांसदों के लिए एक भोज का आयोजन किया। इसमें वाम दल और संप्रग को समर्थन देने वाले अन्य दलों के नेता भी शामिल हुए।

इस चुनाव में कुछ ज्यादा गर्मी नहीं देखी गई, जबकि इससे कुछ समय पहले हुए राष्ट्रपति चुनाव में काफी कीचड़ उछाला गया था।