1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
  4. President Ramnath Kovind

राष्ट्रपति ने की पांच राज्यों में नए राज्यपालों की नियुक्ति

President
नई दिल्ली। बिहार, असम, अरुणाचल प्रदेश, तमिलनाडु और मेघालय में नए राज्यपालों की नियुक्ति की गई है। इसके साथ ही अंडमान निकोबार द्वीप समूह के लिए नया उपराज्यपाल नियुक्त किया गया है।
 
राष्ट्रपति भवन की ओर से शनिवार को जारी विज्ञप्ति के अनुसार प्रोफेसर जगदीश मुखी असम, सत्यपाल मलिक बिहार, बनवारीलाल पुरोहित तमिलनाडु, गंगाप्रसाद मेघालय और ब्रिगेडियर (सेवानिवृत्त) बीडी मिश्रा अरुणाचल प्रदेश के राज्यपाल नियुक्त किए गए। इनके साथ ही एडमिरल (सेवानिवृत्त) देवेन्द्र कुमार जोशी को जगदीश मुखी के स्थान पर केंद्र शासित प्रदेश अंडमान और निकोबार द्वीप समूह का उपराज्यपाल बनाया गया है। जगदीश मुखी असम के राज्यपाल के रूप में पद संभालेंगे।
 
एडमिरल देवेन्द्र कुमार जोशी भारत के 21वें नौसेनाध्यक्ष रह चुके हैं। वे 31 अगस्त 2012 से 26 फरवरी 2014 तक इस पद पर रहे। इसी के साथ वे भारतीय नौसेना के 19वें भारतीय कमांडर भी रह चुके हैं। डीके जोशी पनडुब्बी विरोधी जंग के विशेषज्ञ रहे हैं। उन्होंने करीब 38 वर्षों तक भारतीय नौसेना के अलग-अलग पद पर अपनी सेवाएं दीं। उन्हें नौसेना मेडल, विशिष्ट सेवा मेडल और युद्ध सेवा मेडल से सम्मानित किया जा चुका है।
 
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद द्वारा की गईं ये सभी नियुक्तियां नए राज्यपालों के पदभार संभालने के साथ ही प्रभावी हो जाएंगी। (वार्ता)