1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. PM Modi on shri ram bharaj in mann ki baat

मन की बात में श्री राम भजन पर क्या बोले पीएम मोदी?

modi
नई दिल्ली। प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने अयोध्या में राम मंदिर को लेकर देश भर में उत्साह का जिक्र करते हुए रविवार को लोगों से आग्रह किया कि वे इससे संबंधित भजन जैसी अपनी रचनाओं को सोशल मीडिया पर हैशटैग ‘श्री राम भजन’ के साथ साझा करें।
 
आकाशवाणी के मासिक रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ की ताजा कड़ी में प्रधानमंत्री मोदी ने यह भी बताया कि कई अनुभवी कलाकारों और उभरते युवा कलाकारों ने दिल को छू लेने वाले भजनों की रचना की है।
 
उन्होंने कहा कि अयोध्या में राम मंदिर को लेकर पूरे देश में उत्साह और उमंग है। लोग अपनी भावनाओं को कई तरीकों से व्यक्त कर रहे हैं। आपने गौर किया होगा कि पिछले कुछ दिनों के दौरान श्रीराम और अयोध्या पर कई नए गीत और नए भजन रचे गए हैं। कई लोग नई कविताएं भी लिख रहे हैं।
 
उन्होंने कहा कि इसमें कई अनुभवी कलाकार हैं। नए उभरते युवा कलाकारों ने भी दिल को छू लेने वाले भजनों की रचना की है। मैंने अपने सोशल मीडिया पर कुछ गाने और भजन भी साझा किए हैं।
 
प्रधानमंत्री ने कहा कि ऐसा लगता है कि कला जगत अपने अनूठे अंदाज में इस ऐतिहासिक क्षण का भागीदार बन रहा है। उन्होंने कहा कि एक बात मेरे दिमाग में आती है। क्या हम सभी ऐसी सभी रचनाओं को एक सामान्य हैशटैग के साथ साझा कर सकते हैं? मैं आपसे अनुरोध करता हूं कि आप अपनी रचनाओं को सोशल मीडिया पर हैशटैग ‘श्री राम भजन’ के साथ साझा करें।
 
उन्होंने कहा कि यह संकलन भावनाओं और भक्ति के प्रवाह में बदल जाएगा, जिसमें हर कोई राम के लोकाचार से ओत-प्रोत होगा।
अगला लेख
Year Ender 2023 : सुप्रीम कोर्ट ने सुनाए कई बड़े फैसले, रिकॉर्ड 52191 मामलों का हुआ निपटारा