• Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. अंतरराष्ट्रीय
  4. Fraud in America in the name of Ram Mandir Prasad
Last Updated : शनिवार, 7 जून 2025 (10:39 IST)

राम मंदिर के प्रसाद के नाम पर अमेरिका में ठगी, लूटे 10.49 करोड़, चौंका देगी ये रिपोर्ट

ayodhya ram mandir
देश के राम मंदिर को लेकर अमेरिका में एक बड़ी ठगी हुई है। इस ठगी में प्रसाद के नाम पर 3.85 करोड़ रुपए ऐंठ लिए गए। बताया जा रहा है कि यह प्रसाद के नाम पर अब तक का सबसे बड़ा सायबर फ्रॉड है। दरअसल, इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट में सामने आया है कि अयोध्या पुलिस ने राम लला के प्रसाद के नाम पर बड़ी ठगी की गई है। रिपोर्ट में दावा किया गया है कि यह 3.85 करोड़ रुपए का अब तक का सबसे बड़ा साइबर फ्रॉड है।

कैसे किया इतना बड़ा फ्रॉड : बता दें कि राम लला मंदिर की 22 जनवरी 2024 को हुई प्रतिष्ठा के बाद भक्तों की आस्था का फायदा उठाते हुए, आरोपियों ने खुद को अमेरिका के सिएटल स्थित नॉर्थईस्टर्न यूनिवर्सिटी का प्रोफेसर बताकर लोगों को एक नकली वेबसाइट के ज़रिए ठगा। इस वेबसाइट पर राम मंदिर का प्रसाद, मंदिर की प्रतिकृति और स्मारक सिक्के की फ्री डिलीवरी के साथ देने का दावा किया था। यह घोटाला गाजियाबाद के इंदिरापुरम के विंडसर पार्क निवासी आशीष सिंह ने अंजाम दिया, जो फिलहाल अमेरिका में रह रहा था। बता दें कि उसने khadiorganic.com नामक एक फर्जी वेबसाइट 2024 की प्रतिष्ठा से कुछ हफ्ते पहले लॉन्च की थी।

लाखों भक्‍तों ने दे डाले ऑर्डर : जांच में सामने आया कि वेबसाइट पर 19 दिसंबर 2023 से 12 जनवरी 2024 तक 6.3 लाख से अधिक भक्तों से ऑर्डर लिए गए। भारतीय यूज़र्स से प्रसाद डिलीवरी के नाम पर 51 और विदेशों से 11 डॉलर की सुविधा शुल्क वसूला गया। कुल मिलाकर आशीष सिंह ने वेबसाइट के ज़रिए 10.49 करोड़ की डिजिटल पेमेंट्स कीं, जिनमें से 3.85 करोड़ केवल प्रसाद डिलीवरी के नाम पर वसूले गए।

श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने इस फर्जीवाड़े की ऑनलाइन गतिविधियों पर संदेह जताया और अयोध्या साइबर सेल को जानकारी दी। आशीष सिंह 13 जनवरी को भारत लौटा और अयोध्या आया, शायद कुछ सुलह या क्लीन चिट की उम्मीद में लेकिन अयोध्या साइबर क्राइम टीम ने उसे तुरंत गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके पास से एक लैपटॉप, दो आईफोन, 13 हजार 970 नकद, भारतीय और अमेरिकी पहचान-पत्र, बैंक डेबिट कार्ड, वॉशिंगटन का ड्राइविंग लाइसेंस, हेल्थ कार्ड आदि बरामद किए। आशीष पर आईपीसी की धारा 420, आईटी एक्ट की धारा 66D और पासपोर्ट अधिनियम की धारा 12(3) के तहत मामला दर्ज किया गया है। अयोध्या पुलिस ने 3.72 लाख से अधिक पीड़ितों को 2.15 करोड़ की राशि वापस लौटाई है। शेष 1.70 करोड़ की रिकवरी की प्रक्रिया जारी है।
Edited By: Navin Rangiyal