संसद भवन परिसर में लावारिस बैग मिलने से मची खलबली
Publish Date: Mon, 6 Feb 2017 (12:34 IST)
Updated Date: Mon, 6 Feb 2017 (12:36 IST)
नई दिल्ली। संसद भवन परिसर के भीतर महात्मा गांधी की प्रतिमा के समीप सोमवार को एक लावारिस बैग मिलने से सुरक्षाबलों के बीच खलबली मच गयी।
संसद के सूत्रों ने बताया कि आज सुबह बैग मिलते ही सुरक्षाबलों को सतर्क कर दिया गया और सुरक्षाकर्मी तत्काल घटनास्थल पर पहुंच गए। हालांकि उस बैग में से कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली और सुरक्षाबल बैग को वहां से ले गए।
सूत्रों ने बताया कि यह पता लगाया जा रहा है कि बैग किसका है। उल्लेखनीय है कि संसद का बजट सत्र चल रहा है। कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस समेत विपक्षी सांसदों ने संसद भवन के मुख्य प्रवेश द्वार के ठीक पीछे स्थित गांधी प्रतिमा के सामने विरोध प्रदर्शन किया जिसके तुरंत बाद ही यह लावारिस बैग मिला।
विपक्षी सांसद पूर्व केन्द्रीय मंत्री और लोकसभा सांसद ई. अहमद के निधन की खबर देने के मामले में सरकार द्वारा अपनाए गए तरीके के खिलाफ प्रदर्शन कर रहे थे। विपक्षी सांसदों के साथ प्रदर्शन करने वालों में राहुल गांधी भी शामिल रहे। (भाषा)