नहीं मान रहा है पाक, फिर किया संघर्ष विराम
श्रीनगर/जम्मू। पाकिस्तानी सैनिकों ने गुरुवार को नियंत्रण रेखा के पास दो बार संघर्ष विराम का उल्लंघन किया और जम्मू कश्मीर के नौगाम सेक्टर एवं पुंछ जिलों में गोलीबारी की। दो दिनों के अंदर पाकिस्तान द्वारा किया गया यह तीसरा संघर्ष विराम उल्लंघन था।
सेना के एक अधिकारी ने श्रीनगर में बताया, पाकिस्तानी सैनिकों ने सुबह करीब सात बजे बिना उकसावे के नौगाम सेक्टर स्थित भारतीय चौकियों पर अकारण गोलियां बरसाईं। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी सैनिकों ने छोटे हथियारों और मोर्टार का इस्तेमाल किया, लेकिन किसी के भी हताहत होने की सूचना नहीं है।
उन्होंने बताया कि हमारे सैनिकों ने संयम बरता और अब तक जवाबी कार्रवाई नहीं की। आज दूसरा संघर्ष विराम उल्लंघन मेंढर सेक्टर में हुआ।
जम्मू में एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया, तड़के करीब साढ़े चार बजे जिले के मेंढर स्थित बालनोई सीमा क्षेत्र में नियंत्रण रेखा से सटे अग्रणी इलाकों पर सीमा पार से गोलीबारी की गई। उन्होंने बताया कि बहरहाल इस गोलीबारी में कोई हताहत नहीं हुआ।
बुधवार को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा से सटे सब्जियां सीमा क्षेत्र में पाकिस्तानी सैनिकों ने छोटे हथियारों से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया था।
उड़ी आतंकी हमले के दो दिन बाद पाकिस्तानी सैनिकों ने 20 सितंबर को कश्मीर के इसी सेक्टर में संघर्ष विराम उल्लंघन किया था और छोटे हथियारों से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया था।
छह सितंबर को पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा के पास पाकिस्तानी सेना ने 120 मिमी के मोर्टार बमों से भारतीय चौकियों को निशाना बनाया था।
दो सिंतबर को पाकिस्तानी सैनिकों ने जम्मू जिले के अखनूर सेक्टर में नियंत्रण रेखा से सटी अग्रणी सैन्य चौकियों पर गोलियां बरसाकर संघर्ष विराम का उल्लंघन किया था। (भाषा)
National News, LoC, Pakistani army, Indian Army, ceasefire violations राष्ट्रीय समाचार, एलओसी, पाकिस्तानी सेना, भारतीय सेना, संघर्ष विराम उल्लंघन