1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Delhi metro : free wifi in trains

दिल्ली मेट्रो का बड़ा तोहफा, अब ट्रेनों में मिलेगा फ्री वाईफाई

Delhi metro
नई दिल्ली। दिल्ली मेट्रो ने गुरुवार को एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर ट्रेन कोचों के भीतर उच्च गति वाली नि:शुल्क वाईफाई सेवा शुरू की। दिल्ली मेट्रो की 22.7 किलोमीटर लंबी इस लाइन पर छह मेट्रो स्टेशन हैं और इस कोरिडोर पर आठ ट्रेनें चलती है। दक्षिण एशियाई क्षेत्र के किसी देश में शुरू की गई यह इस तरह की पहली सुविधा है।
 
दिल्ली मेट्रो रेल कार्पोरेशन (डीएमआरसी) प्रमुख मंगू सिंह ने एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन पर इस सुविधा की शुरुआत एक चलती ट्रेन में की। डीएमआरसी इस सेवा को लाइन एक से छह तक बढ़ाने की योजना भी बना रही है। ब्लू लाइन और एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन के प्लेटफॉर्मों पर वाईफाई सेवा पहले से उपलब्ध है।
 
सेवा की शुरुआत होने के बाद डीएमआरसी के कॉर्पोरेट संचार के कार्यकारी निदेशक अनुज दयाल ने कहा कि मौजूदा समय में भूमिगत मेट्रो ट्रेनों में वाईफाई सुविधा रूस, दक्षिण कोरिया और चीन में उपलब्ध है।
 
दयाल ने कहा कि यह सेवा रेड लाइन, येलो लाइन, ब्लू लाइन, ग्रीन लाइन और वॉयलेट लाइन पर भी शुरू करने की योजना है और इसमें एक साल का समय लगेगा। इसके बाद प्रदर्शन को देखते हुए इसे पिंक लाइन, मैंजेटा लाइन, ग्रे लाइन पर भी विस्तारित करने के बारे में विचार किया जाएगा।
 
कैसे करें इस फ्री वाईफाई का इस्तेमाल : इस सेवा का इस्तेमाल करने के लिए किसी भी यात्री को ‘मेट्रोवाईफाई_ फ्री’ नेटवर्क पर लॉग इन करना होगा। इसके बाद उसे अपना मोबाइल नंबर डालना होगा। मोबाइल पर एक ओटीपी आएगा। इसके बाद जैसे ही लॉगइन पूरा होगा, यात्री इस सेवा का लाभ ले सकेंगे।
अगला लेख
IPL 2020 में राजस्थान रॉयल्स ने सोढी को बनाया स्पिन सलाहकार