पश्चिमी दिल्ली के सांसद वर्मा भाजपा कार्यकर्ताओं व पूर्वांचली समाज के लोगों के साथ आईटीओ के निकट स्थित एक छठ घाट पर पहुंचे और वहां पूजा-अर्चना की। नहाय-खाय के साथ ही आज से देश भर में छठ पूजा की शुरुआत हो गई।
कोविड महामारी के चलते डीडीएमए ने इस साल यमुना घाटों पर छठ पूजा के आयोजन पर रोक लगा दी है। डीडीएमए ने प्रशासन और पुलिस को इस रोक का सख्ती से पालन करने का निर्देश भी जारी किया है। आदेश की अवहेलना करने वालों के खिलाफ डीडीएमए ने कानूनी प्रावधानों के तहत कार्रवाई की बात भी कही थी।
इस आदेश को लेकर राजधानी की सत्ताधारी आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच पिछले कई दिनों से जुबानी जंग जारी है। इस पर्व के राजनीतिक मायने भी हैं क्योंकि पूर्वांचल (पूर्वी उत्तर प्रदेश और बिहार) के लोग भारी संख्या में शहर में निवास करते हैं जो कि वोट बैंक के लिहाज से दोनों दलों के लिए अहम हैं।
वर्मा ने रविवार को इस प्रतिबंध की अवहेलना कर घाट पर छठ पूजा करने के लिए कहा था। साथ ही उन्होंने मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल को उन्हें रोककर दिखाने की चुनौती दी थी।
यमुना घाट पर केजरीवाल ने छठ महापर्व मनाने पर रोक लगा दी हैं, ये क़तई मंजूर नही है।कल प्रातः 11 बजे मैं स्वयं पूर्वांचल के भाई- बहनों के साथ ITO छठ पूजा स्थल की साफ़ सफ़ाई करवाकर पूजा आरंभ कर रहा हूँ, छठ यहीं होगी, अगर @ArvindKejriwal में हिम्मत है तो रोक के दिखाओ। जय छठी मैया pic.twitter.com/7FBIwbVCp6
— Parvesh Sahib Singh (@p_sahibsingh) November 7, 2021