शनिवार, 27 अप्रैल 2024
  • Webdunia Deals
  1. समाचार
  2. मुख्य ख़बरें
  3. राष्ट्रीय
  4. Ban on Russia threatens one million jobs in India
Written By
Last Updated : बुधवार, 24 मई 2023 (09:11 IST)

रूस पर बैन से भारत में 10 लाख नौकरियों पर संकट, लाखों हो सकते हैं बेरोजगार

रूस पर बैन से भारत में 10 लाख नौकरियों पर संकट, लाखों हो सकते हैं बेरोजगार - Ban on Russia threatens one million jobs in India
भारत में करीब 10 लाख लोगों के रोजगार पर संकट आ सकता है। यानी करीब 10 लाख लोगों की नौकरियां जा सकती है। दरअसल, रूसी हीरे पर बैन लगाने से भारत में 10 लाख लोगों के रोजगार पर संकट की अटकलें सामने आ रही हैं। ऐसा इसलिए हो सकता है क्योंकि हाल ही में G-7 समिट के बाद संयुक्त रूस के हीरे पर बैन लगाने का ऐलान किया गया था। ऐसे में इस बैन का भारत में बुरा असर हो सकता है।

जी-7 समिट में सदस्य देशों ने रूस पर और कड़े प्रतिबंध लगाने की घोषणा की है। रूस को आर्थिक तौर पर कमजोर करने के लिए जी-7 देशों ने रूसी जहाज, विमान और रूसी हीरों पर बैन लगाने का ऐलान किया है। वहीं इकोनॉमिक टाइम्स की रिपोर्ट के मुताबिक इस नए प्रतिबंध के चलते भारत के हीरा उद्योग में काम कर रहे 10 लाख कर्मचारियों के रोजगार पर तलवार लटकने का खतरा मंडरा रहा है। बता दें कि दुनिया के लगभग 90 प्रतिशत हीरों की कटिंग और पॉलिशिंग भारत में होती है।

उल्लेखनीय है कि भारत रूस के अलरोसा से हीरे आयात करता है। दुनिया के कुल हीरे का लगभग 30 प्रतिशत हीरे का उत्पादन अलरोसा में होता है। आयातित हीरों को भारतीय डायमंड कंपनियां कटिंग और पॉलिशिंग कर जी-7 देशों को निर्यात करती हैं। जी-7 देशों द्वारा रूस के हीरों पर बैन लगाने के ऐलान के बाद जेम एंड ज्वैलरी एक्सपोर्ट प्रमोशन काउंसिल के चेयरमैन विपुल शाह ने कहा है कि अगर रूस पर यह बैन ऐसे ही जारी रहा तो भारत के 10 लाख लोगों के रोजगार खतरे में पड जाएंगे।

बता दें कि पहले से ही मांग में गिरावट और वैश्विक आर्थिक मंदी से जूझ रहे सूरत के हीरा श्रमिकों के लिए रूसी हीरों पर प्रतिबंध एक बड़ा झटका माना जा रहा है। प्रतिबंध के चलते रफ हीरों की आपूर्ति प्रभावित होने लगी है, जिसका असर हीरा व्यापारियों के काम पर नजर आ रहा है। विपुल शाह ने कहा कि चूंकि वर्तमान में मांग कम है, इसलिए उद्योग कम आपूर्ति के साथ प्रबंधन करने में सक्षम है। उन्होंने कहा कि परेशानी तब आएगी जब मांग में बढ़ोतरी होगी।

रूस को आर्थिक तौर पर कमजोर करने के लिए पश्चिमी देश यूक्रेन युद्ध की शुरुआत से ही रूस पर आर्थिक प्रतिबंध लगाए हुए हैं। इस प्रतिबंध के चलते रूस के राजस्व में करीब 50 फीसदी की गिरावट नजर आई है। लेकिन रूस ने हीरा निर्यात को बढ़ाकर नुकसान की भरपाई करने की कोशिश की। रिपोर्ट के मुताबिक रूस ने साल 2021 में केवल हीरा निर्यात से करीब 4 अरब डॉलर की कमाई की थी। बता दें कि अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, न्यूजीलैंड और बहमास ने अप्रैल 2022 में ही रूसी डायमंड माइनर कंपनी अलरोसा के साथ व्यापार पर बैन लगा दिया था।
Edited by navin rangiyal