रूसी तेल खरीद सकता है भारत: अमेरिका ने वैश्विक ऊर्जा बाजारों में अनिश्चितता के बीच भारत को बड़ी खुशखबरी दी है। अमेरिका ने रूस को 30 दिनों के लिए समुद्र में फंसे अपने तेल को भारत को बेचने की अनुमति दी है। बीते दिनों सामने आया था कि भारत रूसी तेल खरीदने की तैयारी कर रहा है। रूस ने भी भारत को करीब 95 लाख बैरल कच्चा तेल भेजने की बात कही थी। अब अमेरिका के ट्रेजरी विभाग ने भारत को समुद्र में फंसे रूसी तेल को खरीदने के लिए 30 दिन की अस्थायी छूट देने का फैसला किया है। अमेरिकी वित्त मंत्री स्कॉट बेसेंट ने गुरुवार को सोशल मीडिया पर जारी बयान में कहा कि वैश्विक बाजार में तेल की आपूर्ति बनाए रखने के लिए यह अस्थायी कदम उठाया गया है। स्कॉट बेसेंट ने कहा कि इस छूट के तहत भारतीय रिफाइनरियां केवल उस रूसी तेल को खरीद सकेंगे, जो पहले से समुद्र में फंसा हुआ है। उन्होंने साफ किया कि यह जानबूझकर कम अवधि की व्यवस्था है और इससे रूसी सरकार को कोई बड़ा वित्तीय लाभ नहीं मिलेगा।
11:24 AM, 6th Mar
ईरान का अब तक 12 देशों पर हमला : अमेरिका-इजराइल और ईरान जंग का आज सातवां दिन है। ईरान ने अब तक अमेरिका और इजराइल समेत 12 देशों पर हमला किया है। इन देशों में UAE, कतर, बहरीन, जॉर्डन, इराक, कुवैत, ओमान, सऊदी अरब, साइप्रस, सीरिया और अजरबैजान शामिल हैं। अमेरिकी सेना ने बताया कि जंग में अब तक ईरान के 30 से ज्यादा जहाज डुबो दिए गए हैं। इनमें एक ऐसा जहाज भी शामिल है जिसे ड्रोन लॉन्च करने के लिए इस्तेमाल किया जाता था। अमेरिका के रक्षा मंत्री पीट हेगसेथ ने भी कहा है कि उनकी सेना ईरान के खिलाफ लड़ाई को और तेज करने जा रही है। अमेरिका के पास हथियार और गोला-बारूद की कोई कमी नहीं है। हालांकि राष्ट्रपति ट्रम्प ने कहा है कि अमेरिका ईरान के खिलाफ जमीनी हमले नहीं करेगा, क्योंकि ये समय की बर्बादी होगी।
11:00 AM, 6th Mar
नेपाल में बालेन शाह की सुनामी : नेपाल में हुए ऐतिहासिक आम चुनाव (5 मार्च 2026) की मतगणना तेजी से जारी है और शुरुआती रुझानों ने देश की राजनीति में एक बड़े भूचाल का संकेत दे दिया है। पिछले साल सितंबर 2025 में हुए 'Gen Z' आंदोलन के बाद यह पहला चुनाव है, जिसने केपी शर्मा ओली की सरकार को सत्ता से बेदखल कर दिया था। अब तक के नतीजों और रुझानों में पुरानी और पारंपरिक पार्टियों, खासकर वामपंथी धड़े (कम्युनिस्ट पार्टियों) का सूपड़ा साफ होता दिख रहा है। वहीं, युवाओं के भारी समर्थन से आगे बढ़ रही राष्ट्रीय स्वतंत्र पार्टी (RSP) एक मजबूत लहर बनकर उभरी है। पूरे चुनाव का सबसे दिलचस्प और हाई-प्रोफाइल मुकाबला झापा-5 सीट पर है, जहां काठमांडू के पूर्व मेयर, रैपर और RSP के प्रधानमंत्री पद के उम्मीदवार बालेन शाह ने चार बार के पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली को मतों की गिनती में काफी पीछे छोड़ दिया है।
10:03 AM, 6th Mar
असम में वायुसेना का सुखोई फाइटर जेट क्रैश : असम के कार्बी आंगलोंग इलाके में ट्रेनिंग के दौरान रडार से गायब हुआ भारतीय वायु सेना का सुखोई Su‑30MKI फाइटर जेट क्रैश हो गया है। हादसे में दोनों पायलट स्क्वाड्रन लीडर अनुज और फ्लाइट लेफ्टिनेंट पूर्वेश दुरागकर की भी मौत हो गई है। वायु सेना ने गुरुवार देर रात 1 बजकर 9 मिनट पर क्रैश की पुष्टी की थी। शुक्रवार सुबह 9.14 पर एक और X पोस्ट में दोनों पायलट की मौत की जानकारी दी। सेना के मुताबिक तलाशी अभियान जारी है। जब ये हादसा हुआ तब फाइटर जेट नियमित उड़ान या मिशन पर था। इसी दौरान उसका ग्राउंड कंट्रोल से संपर्क टूटा था। वायु सेना के मुताबिक रडार से संपर्क समाप्त होने के बाद वायु सेना ने तुरंत अलर्ट जारी करते हुए घटना की जांच के लिए IAF टीम को असम रवाना किया। फिलहाल विमान की सटीक स्थिति और संपर्क टूटने की वजह का पता लगाया जा रहा है।
09:45 AM, 6th Mar
देशभर में बम की झूठी धमकी देने वाला मास्टरमाइंड गिरफ्तार : देशभर में बम धमाकों की झूठी धमकियाँ देकर दहशत फैलाने वाले शख्स को पकड़ने में गुजरात पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है। अहमदाबाद शहर पुलिस की क्राइम ब्रांच और साइबर क्राइम यूनिट ने एक संयुक्त ऑपरेशन चलाकर पश्चिम बंगाल के न्यू बैरकपुर इलाके से 28 वर्षीय सौरव बिस्वास को गिरफ्तार किया है। आरोपी ने कबूल किया है कि उसने गुजरात सहित देश के विभिन्न राज्यों में अराजकता फैलाने के लिए कई ईमेल भेजे थे। पुलिस जांच में सामने आया है कि सौरव बिस्वास पिछले पांच दिनों से लगातार सक्रिय था। उसने स्कूलों, मेट्रो स्टेशनों, न्यायिक परिसरों (कोर्ट) और मुंबई स्टॉक एक्सचेंज जैसे महत्वपूर्ण वित्तीय संस्थानों को निशाना बनाकर 50 से अधिक धमकी भरे ईमेल भेजे थे। 27 फरवरी को भेजे गए एक ईमेल में उसने दो दिनों के भीतर बड़ा धमाका करने की चेतावनी दी थी, जिससे सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई थीं।
09:44 AM, 6th Mar
गुजरात में भूकंप के झटके: गुजरात में आज एक बार फिर भूकंप की हलचल महसूस की गई है। दाहोद और बोटाद के बाद, कच्छ जिले के भचाऊ के पास दोपहर 1:43 बजे 3.4 की तीव्रता का भूकंप आया। इस झटके का केंद्र बिंदु (Epicenter) भचाऊ से लगभग 12 किमी दूर दर्ज किया गया। अचानक धरती कांपने से स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए, हालांकि राहत की बात यह रही कि किसी भी जान-माल के नुकसान की खबर नहीं मिली है। कच्छ जिले को सालों से भूकंप के लिए बेहद संवेदनशील माना जाता है। विशेष रूप से वागड़ फॉल्टलाइन के सक्रिय होने के कारण यहाँ समय-समय पर हल्के और मध्यम तीव्रता के झटके आते रहते हैं। साल 2001 के विनाशकारी भूकंप के दो दशक बीत जाने के बाद भी कच्छ की धरती अभी तक पूरी तरह शांत नहीं हुई है, जिसके कारण स्थानीय लोगों में ऐसे छोटे झटकों के दौरान भी डर का माहौल बना रहता है।