• Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. »
  3. समाचार
  4. »
  5. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , बुधवार, 14 जुलाई 2010 (15:09 IST)

शांति व सौहार्द के महत्व याद रखें

राष्ट्रपति की देशवासियों से अपील

राष्ट्रपति
FILE
राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल ने कहा कि प्रत्येक भारतीय को हर समय देश में शांति व सौहार्द के महत्व को याद रखना चाहिए। इसकी स्थापना तभी हो सकती है जब हम अपने विभिन्न रीति-रिवाजों, खान-पान की आदतों, भाषाओं, धार्मिक रस्मों, परंपराओं और संस्कृतियों का सम्मान करें।

प्रतिभा पाटिल यहाँ राष्ट्रपति भवन में आयोजित एक समारोह में स्काउट एवं गाइड पुरस्कार प्रमाण पत्र प्रदान कर रही थीं।

उन्होंने कहा कि मुझे खुशी है कि भारत स्काउट और गाइड द्वारा देश के विभिन्न भागों में युवा अंतरराज्यीय सांस्कृतिक आदान-प्रदान कार्यक्रम और राष्ट्रीय एकता कार्यक्रम का आयोजन किया जाता है।

प्रतिभा पाटिल ने कहा कि यह बहुत जरूरी है कि आप जो भी कार्य कर रहे हैं उसे समयबद्ध ढंग से पूरा करने के लिए आप पूर्ण दायित्व और निष्ठापूर्वक कार्य करें। विद्यार्थी के रूप में आपको मेहनत से अध्ययन करना चाहिए और आप को यह अध्ययन सच्चा ज्ञान और समझ प्राप्त करने के लिए करना चाहिए।

राष्ट्रपति ने कहा कि इन गुणों से यह सुनिश्चित हो पाता है कि आप सौंपे गए कार्य को पूरा कर रहे हैं और नित्य जरूरी कार्य कर रहे हैं। इससे जीवन में सीढी.दर.सीढी प्रगति में सहायता मिलती है और सफलता प्राप्त होती है। भाग्य आपकी अच्छी मेहनत का नतीजा है और अगर आप ढिलाई बरतते हैं तो यह आपके हाथों से खिसक जाता है। (भाषा)