शुक्रवार, 11 जुलाई 2025
  • Webdunia Deals
  1. खबर-संसार
  2. समाचार
  3. राष्ट्रीय
Written By भाषा
Last Modified: नई दिल्ली , रविवार, 6 जुलाई 2014 (15:27 IST)

गंगा की सफाई हिन्दुत्व परियोजना नहीं-रमेश

गंगा की सफाई
FILE
नई दिल्ली। कांग्रेस नेता जयराम रमेश ने रविवार को आरोप लगाया कि राजग सरकार गंगा सफाई परियोजना को ‘हिन्दुत्व परियोजना’ में बदलने का प्रयास कर रही है और इसके जरिए वह राजनीति का ध्रुवीकरण करना चाहती है।

केंद्र द्वारा आयोजित शनिवार को गंगा नदी पर पहली राष्ट्रीय वार्ता 'गंगा मंथन के पहले' में रमेश ने सरकार से कहा है कि इसे हिन्दुत्व परियोजना के तौर पर नहीं देखा जाए। यह हिन्दुत्व परियोजना नहीं है। यह एक राष्ट्रीय परियोजना है। गंगा सफाई के जरिए राजनीति के धुव्रीकरण का प्रयास नहीं किया जाए।

पूर्व पर्यावरण मंत्री ने कहा कि सरकार का गंगा मिशन कार्यक्रम लोगों का कार्यक्रम होना चाहिए और इसमें हमें समाज को निश्चित ही शामिल करना चाहिए।

उन्होंने कहा कि लेकिन इसे साधु और संतों का कार्यक्रम नहीं बनाइए। गंगा एक राष्ट्रीय नदी है। गंगा देश की संस्कृति को परिभाषित करती है। साथ ही कहा कि जवाहरलाल नेहरू भी भारतीय संस्कृति में गंगा की भूमिका पर बोले थे।

गंगा सफाई पर दिनभर चलने वाली बैठक में केंद्रीय और राज्यमंत्रियों, सांसदों, विशेषज्ञों, साधुओं और संतों के शामिल होने की उम्मीद है।

उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा नेतृत्व वाली सरकार गंगा की सफाई के लिए नेशनल गंगा रिवर बेसिन अथॉरिटी सहित संप्रग द्वारा उठाए गए कदमों का जिक्र नहीं करती है। एनजीआरबीए की स्थापना 2009 में तब हुई थी, जब रमेश पर्यावरण मंत्री थे। (भाषा)