• Webdunia Deals
  1. चुनाव 2024
  2. लोकसभा चुनाव 2024
  3. लोकसभा चुनाव समाचार
  4. Who among BJP and Congress is ready for Lok Sabha elections?
Last Updated : बुधवार, 31 जनवरी 2024 (20:01 IST)

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस में कौन कितना तैयार?

लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस में कौन कितना तैयार? - Who among BJP and Congress is ready for Lok Sabha elections?
भोपाल। मध्यप्रदेश विधानसभा चुनाव में भाजपा की मिली प्रचंड जीत और कांग्रेस की करारी हार का असर अब लोकसभा चुनाव पर भी दिखने लगा है। विधानसभा चुनाव में जीत से उत्साहित भाजपा जहां मिशन-29 को लक्ष्य को लेकर चुनावी मैदान में आ डटी है, तो दूसरी ओर कांग्रेस अभी लोकसभा चुनाव के लिए रणनीति पर काम की जगह मार्च में मध्यप्रदेश आ रही राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा की अगवानी की तैयारियों में जुटी है।

BJP ने लोकसभा चुनाव के बनाए कलस्टर- भाजपा ने मिशन 29 के लक्ष्य के साथ लोकसभा चुनाव में  सात क्लस्टर प्रभारियों की नियुक्त कर दी है। प्रदेश के सात दिग्गजों को प्रदेश की 29 लोकसभा सीटों की कमान दी गई है। 

इनमें ग्वालियर-चंबल क्षेत्र में पूर्व गृह मंत्री नरोत्तम मिश्रा को प्रभारी बनाया गया है। इस क्षेत्र में मुरैना, भिंड, ग्वालियर और गुना-शिवपुरी जैसी सीटें हैं। बुंदेलखंड क्षेत्र में पूर्व मंत्री भूपेन्द्र सिंह को प्रभारी नियुक्त किया गया है, इस क्षेत्र में सागर, दमोह, टीकमगढ़ और खजुराहो लोकसभा की सीटें शामिल की गई हैं। रीवा-शहडोल क्षेत्र के लिए उप मुख्यमंत्री राजेन्द्र शुक्ल को प्रभारी बनाया गया है. इस क्षेत्र में रीवा, सतना, सीधी-शहडोल की सीटें हैं।मालवा-निमाड़ के लिए नगरीय प्रशासन मंत्री कैलाश विजयवर्गीय को प्रभारी नियुक्त किया गया है,यहां इंदौर, धार, खरगोन, खंडवा, देवास लोकसभा सीटें हैं। भोपाल-नर्मदापुरम के लिए मंत्री विश्वास सारंग को प्रभार दिया गया है,इस क्षेत्र में होशंगाबाद, बैतूल, विदिशा, भोपाल, राजगढ़ सीटें हैं। महाकौशल कलस्टर के प्रभारी पंचायत एवं ग्रामीण विकास मंत्री प्रहलाद पटेल हैं,इस क्षेत्र में मंडला, बालाघाट, जबलपुर और छिंदवाड़ा लोकसभा सीट शामिल हैं। लोकसभा चुनाव के कलस्टर प्रभारियों पर बूथ स्तर पर पार्टी का वोट शेयर बढ़ाने के साथ केंद्र सरकार की योजनाओं के हितग्राहियों के साथ भाजपा के पक्ष  में माहौल बनाना है।

लोकसभा क्षेत्रों में भाजपा के चुनावी कार्यालय-मार्च-अप्रैल में प्रस्तावित लोकसभा चुनाव के लिए भाजपा ने भले ही अपने उम्मीदवारों के नामों का एलान नहीं किया हो लेकिन पार्टी पूरी ताकत के साथ लोकसभा चुनाव के लिए मैदान में आ डटी है। भाजपा ने प्रदेश की सभी 29 लोकसभा सीटों पर पार्टी के चुनाव कार्यालय का शुभारंभ कर पीएम मोदी के चेहरे पर अपना चुनावी कैंपेन शुरु कर दिया है।

सोमवार को प्रदेश की आदिवासी वोटर्स के बाहुल्य वाली सीट शहडोल लोकसभा क्षेत्र में पार्टी के चुनावी कार्यालय का उद्घाटन करते हुए भाजपा प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा ने कहा कि लोकसभा चुनाव में हर बूथ जीतने के लक्ष्य के साथ पार्टी कार्यकर्ता चुनावी मैदान में उतरे। उन्होंने विधानसभा चुनाव में पार्टी को मिले 49 फीसदी वोट हासिल करने के लक्ष्य को 10 फीसदी बढ़ाने का लक्ष्य तय किया। उन्होंने कहा कि  पार्टी नेतृत्व ने 51 प्रतिशत वोट शेयर का लक्ष्य दिया था और पार्टी विधानसभा चुनाव में हर बूथ पर 49 प्रतिशत वोट हासिल करने में सफल रहे।

वोटर्स को साधने के लिए गांव चलो अभियान-लोकसभा में मिशन 400 प्लस और तीसरी बार मोदी मोदी सरकार के चुनावी स्लोगन में उतरी भाजपा ने इस बार गांवों पर खासा फोकस कर दिया है। लोकसभा चुनाव से पहले पार्टी ने गांव चलो अभियान का आगाज कर गांव-गांव मोदी सरकार की योजनाओं को पहुंचाने का लक्ष्य तय कर लिया है।

गांव चले अभियान के तहत मुख्यमंत्री के साथ मंत्री और भाजपा अध्यक्ष सहित प्रदेश पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि एवं कार्यकर्ता 9 से 11 फरवरी तक पूरे प्रदेश में गांव एवं नगरीय बूथों पर भाजपा की रीति नीति, केंद्र एवं राज्य सरकार की योजनाओं का प्रचार प्रसार करेंगे। पार्टी के राष्ट्रीय सह संगठन महामंत्री और गांव चलो अभियान के राष्ट्रीय प्रभारी शिवप्रकाश के मुताबिक भारत केवल विकसित गांवों के साथ ही विकसित हो सकता है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के इसी संकल्प को लेकर गांव चलो अभियान की शुरूआत की गई है।

दरअसल शहरी वोटर्स भाजपा को कोर वोटर्स माना जाता है, ऐसे में पार्टी इस बार लोकसभा चुनाव में गांव चलो अभियान के तहत ग्रामीण वोटर्स को साध कर लोकसभा चुनाव में 51 फीसदी वोट हासिल करने का लक्ष्य रखी है।
राहुल करेंगे लोकसभा चुनाव के लिए शंखनाद-विधानसभा चुनाव में करारी हार के बाद कांग्रेस की निगागें एक बार फिर राहुल गांधी पर टिक गई है। लोकसभा चुनाव से ठीक पहले राहुल गांधी अपनी भारत जोड़ो न्याय यात्रा के जरिए मध्यप्रदेश में कांग्रेस के लिए माहौल बनाएंगे।

राहुल गांधी की भारत जोड़ो न्याय यात्रा के मध्यप्रदेश में आने का कार्यक्रम तय होने के बाद अब प्रदेश कांग्रेस संगठन यात्रा की अगवानी और लोकसभा चुनाव की तैयारी में जुट गया है। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी के मुताबिक राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा 20 फरवरी के बाद मध्यप्रदेश आएगी। राहुल गांधी की यात्रा प्रदेश के 9 जिलों में 5 लोकसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। जीतू पटवारी ने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा का लोकसभा में खूब मिले इसके लिए पार्टी ने तैयारी शुरु कर दी है।

लोकसभा चुनाव लड़ने से पीछे हटे दिग्गज-विधानसभा चुनाव में कांग्रेस की करारी हार के बाद कांग्रेस के लिए अब लोकसभा चुनाव में उम्मीदवारों की तलाश करना भी टेढ़ी खीर साबित हो रहा है। पार्टी ने लोकसभा चुनाव में जीत के लिए दिग्गज चेहरों को मैदान में उतारने की तैयारी में थी लेकिन अब कांग्रेस के दिग्गज नेताओं ने आगे आकर खुद लोकसभा चुनाव लड़ने से इंकार कर दिया है।

2019 का लोकसभा चुनाव भोपाल से लड़ने वाले पूर्व मुख्यमंत्री ने पिछले दिनों लोकसभा चुनाव ल़ड़ने से साफ इंकार करते हुए कहा कि वह वर्तमान में राज्यसभा सदस्य है इसलिए वह लोकसभा चुनाव नहीं लड़ेंगे। पार्टी मुरैना-श्योपुर विधानसभा सीट से पूर्व नेता प्रतिपक्ष डॉ. गोविंद सिंह को चुनावी मैदान में उतारने की तैयारी मे थी लेकिन पार्टी से जुड़े सूत्र बताते है कि डॉ. गोविंद सिंह ने अब चुनाव लड़ने से पीछे हट गए है। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा कि पार्टी की कोशिश है कि विधानसभा चुनाव में पार्टी को जो 40 फीसदी मत मिले है, वह लोकसभा में कन्वर्ट है और पार्टी ज्यादा से ज्यादा सीटें जीते।